शहर

Prayagraj: स्कूल फंक्शन में समोसा-लड्डू बने मुसीबत! दर्जनों बच्चे हुए बीमार, फूड क्वालिटी पर उठे सवाल

प्रयागराज के एक स्कूल में वार्षिकोत्सव के दौरान समोसा और लड्डू खाने से दर्जनों बच्चे अचानक बीमार हो गए। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

Image

स्कूल में फंक्शन के दौरान बच्चों को हुई फूड प्वाइजनिंग

Prayagraj Food Poisoning: प्रयागराज के एक स्कूल में वार्षिकोत्सव (Annual Function) के दौरान दर्जनों बच्चे बीमार हो गए। फंक्शन में समोसा-लड्डू खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें तुरंत सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही कई अभिभावक स्कूल व अस्पताल पहुंचे, उन्होंने खाने की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे उपचार के बाद डिस्चार्ज हो गए हैं।

यह घटना प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में कोरांव तहसील के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय की है। जहां स्कूल के वार्षिकोत्सव के दौरान दर्जनों बच्चे फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार, बच्चों ने कार्यक्रम में समोसा और लड्डू खाए थे। जिसके बाद कई बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभाला और आनन-फानन में बच्चों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

स्कूल के खाने पर उठे सवाल

बच्चों की तबीयत का पता चलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल और अस्पताल पहुंच गए। अपने बच्चों की हालत देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। अभिभावकों ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए। स्थिति को काबू में बनाए रखने के लिए प्रशासन को मौके पर पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। अफसरों ने किसी तरह अभिभावकों को शांत कराया।

सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर

घटना की सूचना मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अनिल कुमार, एसडीएम कोरांव और एसडीएम बारा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चों का हालचाल लिया और डॉक्टरों से उनकी हालत के बार में जानकारी ली। इसके अलावा पूर्व विधायक रामकृपाल कोल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीएचसी पर देर शाम तक अभिभावकों की भीड़ लगी रही। हालांकि राहत की बात ये है कि सभी बच्चों की हालत में जल्द सुधार हो गया। सभी बच्चे अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article