Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में आज बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने महाकुंभ से जुड़े सफाईकर्मियों और स्वास्थ्य कर्मियों को बोनस देने की घोषणा की है। इन कर्मियों को 10 हजार रुपये बोनस के तौर पर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इन कर्मचारियों को 5 लाख की स्वास्थ्य बीमा के लिए आयुष्मान कार्ड भी दिया जाएगा। अप्रैल से कर्मचारियों के बैंक अकाउंट में रुपये भेजे जाएंगे।
सफाई कर्मियों की बढ़ेगी सैलरी
प्रयागराज में 45 दिन चले महाकुंभ मेले का 26 फरवरी को समापन हो चुका है। सीएम योगी आज सुबह महाकुंभ की औपचारिक पूर्णाहुति के लिए प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रयागराज से जुड़े स्वच्छता कर्मियों और स्वास्थ्य कर्मियों को अतिरिक्त 10 हजार रुपये का बोनस देंगे। सीएम ने कहा कि हम लोग नई व्यवस्था करने जा रहे हैं। स्वच्छता कर्मियों को जो महीने के 8 से 11 हजार रुपये मिलते थे। अब इसे अप्रैल से बढ़ाकर कम से कम 16 हजार किया जाएगा। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को आयुष्मान योजना से जोड़कर जन आरोग्य बीमा का लाभ भी मिलेगा।
कॉरपोरेशन का किया जाएगा गठन
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छताकर्मियों को भुगतान के लिए एक कॉरपोरेशन गठित किया जाएगा जो अप्रैल माह से प्रत्येक स्वच्छता कर्मी को 16,000 रुपये हर महीने वेतन देगा। उन्होंने कहा, “न्यूनतम मजदूरी से केवल सफाईकर्मियों को नही, बल्कि स्वास्थ्य कर्मियों को भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावास्वास्थ्य कर्मी, सफाई कर्मी और अन्य कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “पहले की सरकारों ने भारत की आस्था को सम्मान और महत्व नहीं दिया। क्या प्रयागराज, क्या काशी, क्या अयोध्या, क्या मथुरा वृंदावन, क्या चित्रकूट। इन स्थानों पर आस्था और अर्थ का जो आधार बना है, वह अद्भुत है। हम प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करते हैं जिन्होंने भारत को एक नई राह दिखाई है।”
महाकुंभ में 66.30 श्रद्धालुओं ने लिया भाग
सीएम योगी ने कहा कि दुनिया में इतना बड़ा जमावड़ा कहीं नहीं हुआ। महाकुंभ में 66.30 करोड़ श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान कोई अपहरण या लूट जैसी कोई घटना नहीं हुई। विपक्ष दूरबीन और माइक्रोस्कोप का इस्तेमाल करके भी ऐसी कोई घटना उजागर नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने भ्रम फैला का कोई भी मौका नहीं छोड़ा। उन्हें इतना बड़ा आयोजन अच्छा नहीं लग रहा था।
