उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुम्भ में ट्रैफिक जाम को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। बता दें कि वीकेंड आते ही आज एक बार फिर प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
CM योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को कहा है कि वह स्वयं सड़क पर उतरें और ट्रैफिक की समस्या को सुलझाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि प्रयागराज महाकुम्भ नगर ही नहीं, प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी जिलों और आसपास के किसी भी जिले में कहीं पर भी सड़क पर जाम न लगे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जाम लगने पर अधिकारियों को जिम्मेदारी लेनी होगी। इस बीच संगम में डुबकी लगाने के लिए आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बंगाल और ओडिशा से भी श्रद्धालु यहां आए हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला प्रशासन ने यात्रा मार्ग को कई जगहों पर डायवर्ट किया हुआ है। संगम तक जाने और संगम से वापस आने के लिए दो अलग-अलग रास्ते बना दिए गए हैं। अब सीधे शहर की जगह शहर के बाहर की गाड़ियों को पार्क किया जा रहा है। सिर्फ पास वाली गाड़ियों को ही अंदर आने की इजाजत दी गई है। प्रशासन की कोशिश है कि शांति और आराम से लोग पवित्र महाकुम्भ में आस्था की डुबकी लगा लें।
