प्रयागराज

Prayagraj Road Accident: प्रयागराज जा रहे छत्तीसगढ़ के 10 श्रद्धालुओं की मौत; ट्रक और कार की हुई भीषण भिड़ंत

Prayagraj Road Accident: छत्तीसगढ़ से महाकुंभ जा रही कार की प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर एक बस से भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई है और 19 लोगों घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

प्रयागराज जिले में बड़ा सड़क हादसा

Prayagraj Road Accident: प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार और बस की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कार छत्तीसगढ़ से महाकुंभ के लिए प्रयागराज की ओर जा रही थी, तभी थाना मेजा क्षेत्र के अंतर्गत प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर हादसा हो गया। पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शवों को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

कार और बस की आमने-सामने की टक्कर

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया मेजा के प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 12 बजे यह हादसा हुआ। यहां श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो और बस की आमने-सामने की टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें बस और बोलेरो कार क्षतिग्रस्त हो गई और बोलेरो में सवार 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में बस में सवार 19 लोग भी घायल हुए हैं। यह सभी लोग संगम में स्नान करने के बाद वाराणसी जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। बता दें कि बस में सवार सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं।सभी घायलों को सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया है। डीसीपी यमुनानगर, विवेक चंद्र यादव ने बताया कि सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया है। आगे की प्रक्रिया अभी जारी है।

सीएम ने हादसे को लेकर जिला प्रशासन को दिए निर्देश

प्रयागराज में हुई दुर्घटना के बाद सीएमओ की तरफ से एक बयान जारी किया गया है। इस बयान के अनुसार, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज जिले में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।"

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article