प्रयागराज

प्रयागराज: ये क्या! महज 10 फीट जमीन के लिए रिश्तों का कत्ल, 6 साल के मासूम को चाचा ने मार डाला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 18, 2023, 06:44 PM IST

Prayagraj: बड़े भाई ने घर के हिस्से में 10 फीट जमीन ज्यादा ले ली तो छोटा भाई नाराज हो गया। इसके बाद आरोपी चाचा ने हैवानियत दिखाते हुए 6 साल के मासूम को कब्रिस्तान ले जाकर चापड़ से गला रेत मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने खून से सनी अपनी पैंट खेत में फेंक दी। पुलिस के श्वान ने पैंट सूंघ कर चाचा को पकड़वाया।

Image

प्रयागराज में हैवान बनें चाचा ने 6 साल के भतीजे का गला रेत दिया (सांकेतिक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • 10 फीट जमीन ज्यादा लेने से नाराज था अरोपी बड़े भाई से
  • अमरूद का लालच देकर 6 साल के मासूम को चाचा कब्रिस्तान ले गया
  • चापड़ से गला रेत मासूम को तड़पते हुए झाड़ियों में छुपा दिया


Prayagraj: प्रयागराज में सोमवर को कब्रिस्तान की झाड़ियों में मिले 6 साल के मासूम के शव को लेकर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मासूम की हत्या गला रेत कर उसके चाचा ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह हैरान करने वाली सामने आई है। जिसमें जमीन का 10 फीट हिस्सा अधिक लेने के कारण हत्यारा चाचा अपने बड़े भाई से नाराज था। जिसके चलते उसने अपने सगे भतीजे को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात के काम में ली गई चापड़ भी बरामद कर ली है। घटना मऊआइमा थाना इलाके के नई बस्ती गांव बैरहना खानपुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चा सोमवार 10 बजे घर से खेलने के लिए निकला था। दोपहर में करीब साढे़ बारह बजे परिजनों को उसका शव घर से 500 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला था। बच्चे का गला आधा रेता हुआ था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।

जमीन विवाद की बात गले नहीं उतर रही

गंगानगर डीसीपी अभिषेक अग्रवाल के मुताबिक, पिता ने मामले में केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने आरोपी चाचा हासिम को हिरासत में लिया है। उसने जमीन के विवाद में मासूम नाजिम की हत्या करना कबूल किया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है, जिसमें आरोपी की बात गले नहीं उतर रही है। अब पुलिस मामले की पूरी गहनता से जांच करेगी। डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने मौके से आधा खाया हुआ अमरूद भी बरामद किया है, जिसे हत्या से पहले मृतक बच्चा खा रहा था।

यूं दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चा दूसरी क्लास में पढ़ता था। सोमवार को मृतक तैयार होकर घर से निकला तो आरोपी चाचा भी उसके पीछे गया। इस दौरान आरोपी ने धारदार हथियार अपने कपड़ों में छुपा लिया। इसके बाद भतीजे को अमरूद का लालच दिया व घर के पीछे कब्रिस्तान में ले गया। जब मृतक अमरूद खाने लगा तो पीछे से उसका मुहं दबाकर गला रेत दिया।

ऐसे आया पकड़ में

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उसे तड़पते हुए झाड़ियों के पीछे छुपा दिया व मौके से फरार हो गया। इस बीच मृतक का खून आरोपी की पैंट में लग गया। उसने पैंट को खेत में फेंक दिया था। पुलिस के डॉग स्वायड के श्वान ने मौके से पैंट को सूंघा व सीधे आरोपी के पास गया। ऐसे में पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया व सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article