Prayagraj Train Accident: प्रयागराज में रेलवे कर्मचारियों की मुस्तैदी से बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। फाफामऊ और अटरामपुर रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर लोहे का पोल मिला। जिसे देख मालगाड़ी के लोको पायलट संयोग शर्मा ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। पोल को रेलवे ट्रैक से हटा दिया गया है। लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि यह पोल रेलवे ट्रैक पर कैसे आया? इस मामले की जांच की जा रही है।
ऊंचाहार की ओर जा रही थी मालगाड़ी
रेलवे ट्रैक पर लोहे का पोल तड़के लगभग 04:15 बजे मिला था। जानकारी के अनुसार मालगाड़ी फाफामऊ से ऊंचाहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान हेडक्वार्टर वाराणसी में तैनात लोको पायलट संयोग शर्मा ने रेलवे ट्रैक पर एक लोहे का पोल देखा। जिसके बाद उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। जिसके बाद ट्रेन मैनेजर प्रवीण की मौजूदगी में पोल का रेलवे ट्रैक से हटाया गया।
पहले भी रेलवे ट्रैक पर मिला सामान
अटरामपुर रेलवे स्टेशन, उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के रेलखंड प्रयाग से ऊंचाहार के बीच स्थित है। इस स्टेशन और फाफामऊ स्टेशन के बीच ही यह लोहे का पोल मिला। इस घटना के बाद सहायक उप निरीक्षक आरपीएफ फाफामऊ ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह घटना किसी की शरारत थी या फिर कोई साजिश थी। हालांकि इससे पहले भी रेलवे ट्रैक पर गैस सिलेंडर, पत्थर और साइकिल जैसे समान मिल चुके हैं।
