Prayagraj: सगाई के बाद एक शख्स को अपनी मंगेतर को काॅल नहीं करना भारी पड़ गया। इससे खफा हुई दुल्हन ने द्वार पूजा व जयमाला के कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शादी से इंकार कर दिया। ये अजब मामला संगम नगरी के नैनी थाना इलाके के गांव चाका का सामने आया है। जिसे जानकर हर कोई हैरान है। मामला पूरे प्रयागराज जनपद में चर्चा का विषय बनना हुआ है।
अचानक हुई घटना के बाद दोनों ओर के पक्ष हक्के- बक्के रह गए। सभी ने दुल्हन को समझाने का प्रयास किया। मगर वो अपनी जिद्द पर अड़ी रही। जब बात नहीं बनी तो बारात को मजबूरन लौटना पड़ा। हालांकि इससे पहले विवाह स्थल पर जमकर हंगामा हुआ। वर व वधु पक्ष के लोग बारात स्थल पर बैठे व पंचायत की। मगर कोई हल नहीं निकला तो दोनों पक्ष के लोग नैनी थाने पहुंचे व समझौता किया।
ऐसे चला पूरा घटनाक्रम
नैनी पुलिस के मुताबिक, थाना इलाके के गांव चकदाऊद नगर निवासी युवक की शादी गांव चाका निवासी युवती से तय हुई थी। युवक दिल्ली में एकाउंट्स का काम करता है। दोनों की सगाई 9 महीने पहले हुई थी। गांव में मेवालाल की बगिया स्थित एक गेस्ट हाउस में विवाह होना था। सभी तैयारियां पूरी तरह से परवान पर थी। रात को बारात गाजे- बाजे से दुल्हन के घर पहुंची। दोनों और खुशियां छाई थी। इसके बाद फेरों से पहले द्वार पूजा और जयमाला की रस्में निभाई गई। इसके बाद अचानक दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। शादी समारोह की खुशियां चिंता में बदल गई। दुल्हन को मनाने की कोशिशों का दौर शुरू हुआ। मगर वह टस से मस नहीं हुई। जब वजह पूछी तो दुल्हन ने बताया कि, सगाई के बाद उसके मंगेतर ने 9 महीने में उसे कभी भी फोन कर बात नहीं की।
