Prayagraj Fraud: संगम नगरी के लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। इन दिनों शहर में ठग गिरोह सक्रिय है। ठगी के नए तरीके के जरिए इस बार बदमाश स्वास्थ्य विभाग के लाभार्थियों को अपना निशाना बना रहे हैं। ठगी के अजीब तरीके के तहत साइबर फ्राड इलाके की सभी आशा बहन के मोबाइल नंबर पर कॉल कर पहले तो खुद को स्वास्थ्य महकमें का अधिकारी बताते हैं।
प्रयागराज में ठग गिरोह सक्रिय, महिलाओं का बना रहा अपना निशाना (सांकेतिक तस्वीर)
बाद में आशा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की मातृत्व वंदना योजना के लाभार्थियों के मोबाइल नंबर लेकर उन्हें कॉल कर उनका अकाउंट नंबर और मोबाइल नंबर पूछते हैं। जैसे ही लाभार्थी अपनी डिटेल बदमाशों को बताते हैं, इसके बाद उनके अकाउंट खाली हो जाता है। ठगी की शिकार हुई लाभार्थी महिलाओं ने इस बारे में संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को बताया। इसके बाद आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। बाद में पता चला कि, महकमे के किसी अधिकारी ने इस तरह काॅल करके किसी भी लाभार्थी की डिटेल नहीं मांगी है। विभाग की ओर से मामले की शिकायत पुलिस में दी गई है। अब पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
