प्रयागराज

Prayagraj: महाकुंभ मेले में पेयजल की समस्या का समाधान, पानी की सुविधा के लिए बिछ रहा पाइपों का जाल

प्रयागराज महा कुंभ मेले में पानी की समस्या को खत्म करने के लिए पाइपों का जाल बिछाया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल की दिक्कत न हो। संबंधित विभाग इस काम में तेजी से जुटा हुआ है।

Image

फाइल फोटो।

Photo : ANI

महाकुंभ 2025 के दिव्य-भव्य आयोजन के लिए प्रयागराज के संगम क्षेत्र में अस्थाई महाकुंभ नगरी को बसाने का काम शुरू हो गया है। सीएम योगी के निर्देशों का पालन करते हुए मेला प्राधिकरण और प्रदेश के सभी प्रमुख विभाग युद्धस्तर पर विकास कार्य में लगे हुए हैं। इस दिशा में महाकुंभ के दौरान पूरे मेला क्षेत्र में निर्बाध पानी सप्लाई के लिए यूपी जल निगम नगरीय भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य में जुटा है। जल निगम नगरीय 1249 किलोमीटर लंबी पाइपों का जाल और 56,000 कनेक्शन की मदद से पूरे मेला क्षेत्र में निर्बाध पानी सप्लाई का कार्य करेगी। जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, संन्यासियों, कल्पवासियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।

यूपी जल निगम नगरीय, प्रयागराज को मिली है जिम्मेदारी

महाकुंभ 2025 में पूरे मेला क्षेत्र में पीने के पानी की सप्लाई का कार्य यूपी जल निगम नगरीय, प्रयागराज कर रही है। इसके लिए 25 सेक्टरों और 4,000 हेक्टर में फैले विशाल मेला क्षेत्र में पानी सप्लाई के लिए पाइप लाइन का जाल बिछाने का काम शुरू हो गया है। इस संबध में जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता अमितराज ने कहा कि इस बार का मेला क्षेत्र पहले के कुंभ मेले की तुलना में सबसे बड़ा है। पूरे मेला क्षेत्र में पानी की सप्लाई के लिए लगभग 1,249 किलोमीटर लंबी पाइपों का जाल बिछाया जा रहा है। जिससे परेड ग्राउंड, संगम क्षेत्र से लेकर फाफामऊ और अरैल व झूंसी के क्षेत्रों में भी पानी की सप्लाई आसानी से की जा सके। इसके लिए 40 करोड़ रुपये की लागत से जल निगम नगरीय कार्य कर रहा है, जो कि 30 नवंबर तक पूरा हो जाएगा।

मेले में 56,000 कनेक्शन लगाए जाएंगे

महाकुंभ मेला क्षेत्र में पानी सप्लाई के बारे में बताते हुए अधिशासी अभियंता ने कहा कि पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़कों के किनारे, अखाड़ों के शिविरों, कल्पवासियों और प्रशासन के टेंटों तक पानी के लगभग 56,000 कनेक्शन लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सड़क के किनारे के कनेक्शन और नल लगाने का कार्य 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। अखाड़ों और कल्पवासियों के शिविरों में पानी कनेक्शन लगाने का कार्य उनके शिविर लगाने के साथ-साथ किया जाएगा। पानी सप्लाई का कार्य 85 नलकूप और 30 जनरेटरों की मदद से पम्पिंग स्टेशनों से किया जाएगा। जिससे महाकुंभ के दौरान पूरे मेला क्षेत्र में निर्बाध जलापूर्ति में किसी तरह का व्यवधान पैदा न हो। कार्य निरिक्षण के लिए सेक्टर वाइज जलनिगम के अभियंता और कर्मचारी मेला क्षेत्र में भी तैनात किए जाएंगे।

इनपुटः आईएएनएस

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article