Prayagraj: प्रयागराज में प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी यूपी सरकार की तरफ से सामूहिक विवाह का आयोजन होने जा रहा है। इस विवाह समारोह का आयोजन एक मार्च को संगम क्षेत्र में किया जाएगा। इस बार का सामूहिक विवाह बेहद खास होने जा रहा है। इस सामूहिक विवाह के संपन्न होते ही एक नया रिकार्ड बन जाएगा। इस बार समारोह में एक हजार पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों की शादी कराई जाएगी। यह अपने आप में एक नया रिकार्ड होगा। इस समारोह की तैयारियों में जुटे अधिकारियों का दावा है कि, अभी तक यूपी में इतने बड़े स्तर पर सामूहिक विवाह का आयोजन नहीं किया गया।
बता दें कि, उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा हर साल मार्च माह में इस सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाता है। इसमें निर्माण कामगार कन्या विवाह योजना के अन्तर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों का विवाह होता है। प्रयागराज के उप श्रमायुक्त राजेश मिश्रा ने बताया कि समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार कार्यक्रम में 1000 से अधिक वर/वधुओं का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस समारोह में प्रयागराज के अलावा कौशांबी, फतेहपुर एवं प्रतापगढ़ जिले के लाभार्थीं भी शामिल होंगे।
