UP New Housing Scheme: क्या आप भी शहर में अपना घर बनाने की सोच रहे हैं। अगर, यह आपका सपना है तो जल्द ही पूरा हो सकता है। इसके लिए उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने छोटे शहरों में नई आवासीय योजनाएं लाने की दिशा में कवायद तेज कर दी है। प्रयागराज, मेरठ, झांसी और मुजफ्फरनगर में भूमि विकास एवं गृहस्थान योजना शुरू करने पर निदेशक मंडल ने मुहर लगा दी है। इन चारों जिलों में यह न्यू हाउसिंग स्कीम के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इस योजना के लॉन्च होने शहरों के आसपास जमीन मालिकों को बड़ा मुनाफा होगा और लोग अपने घर का सपना पूरा कर सकेंगे।
इन शहरों में भी मिलेगा हाउसिंग स्कीम का लाभ
दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक शुक्रवार को परिषद मुख्यालय के सभागार में निदेशक मंडल की 270वीं बैठक प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग पी गुरुप्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आवास आयुक्त डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि परिषद अनियोजित कार्यों को सुनियोजित तरीके विकसित करने के लिए कार्य कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, इससे पहले मऊ, गाजीपुर और प्रतापगढ़ में आवासीय योजनाओं को मंजूरी मिली थी। इन शहरों में किफायती दरों में लोगों आवासीय योजना का लाभ देने का दावा किया जा रहा है।
न्यू हाउसिंग स्कीम की लागत
सरकार ने इस बार प्रयागराज, मेरठ, झांसी और मुजफ्फरनजर में भूमि विकास एवं गृहस्थान योजना को आगे बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। अपर आवास आयुक्त एवं सचिव डॉ. नीरज शुक्ला ने कहा कि प्रयागराज जिले के रायबरेली मार्ग पर 271 हेक्टेयर में प्रयागराज गृहस्थान योजना डेवलप किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की लॉन्चिंग के लिए 520 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्कीम में टिकरी गांव की 132 और अकबरपुर उर्फ गंगागंज गांव की 139 हेक्टेयर भूमि आती है। इस योजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय किसानों को जमीन अधिग्रहण के लिए बड़ी रकम मिलेगी, जिससे उनकी आर्थिक समृद्धि होगी।
