Traffic Jam in Prayagraj: प्रयागराज में इन दिनों महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। इस भयंकर भीड़ के कारण प्रयागराज की सड़कें, गलियां, हाईवे सब जाम हो गए हैं। कई घंटों के जाम के कारण लोग सड़कों पर फंसे हुए हैं। महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं के वाहनों के कारण मध्य प्रदेश में भी जाम की स्थिति देखने को मिली। रविवार को राज्य में 200-300 मीटर लंबा जाम लग गया। जिस कारण विभिन्न जिलों में पुलिस को यातायात रोकना पड़ा। भीषण जाम की स्थिति को देखते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्रद्धालुओं समेत सभी लोगों के लिए भोजन, पानी, ठहरने की व्यवस्था समेत बुनियादी सुविधाओं का तत्काल इंतजाम करने का निर्देश दिया। वहीं समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रयागराज में घंटों से जाम में फंसे लोगों के प्रति चिंता जताई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महाकुंभ में अव्यवस्थाओं का अंबार देखते हुए शासन की कमान किसी योग्य व्यक्ति को दे दी जाए।
एमपी के मुख्यमंत्री ने दिए अधिकारियों को दिए निर्देश
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि "प्रयागराज महाकुम्भ 2025 में सम्मिलित होने जा रहे बड़ी संख्या में प्रदेश एवं अन्य प्रदेशों के श्रद्धालुओं का चाक घाट (रीवा) से लेकर जबलपुर-कटनी-सिवनी जिले तक यातायात प्रभावित होने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है, वाहनों में ज्यादातर बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हैं। यह क्षेत्र अंतर्गत सभी जिला प्रशासन से लेकर नगरीय निकायों के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निर्देशित किया है कि तुरन्त श्रद्धालुओं सहित सभी प्रभावित लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं जैसे भोजन, पानी, ठहरने की समुचित व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का इंतजाम किया जाए। मेरा सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अनुरोध है कि आप भी सुगम आवागमन व्यवस्था बनाने में प्रशासन को सहयोग प्रदान करें, साथ ही इस क्षेत्र अंतर्गत सभी जनप्रतिनिधि भी प्रशासन के साथ व्यवस्था बनाने में सहयोग प्रदान करें।"
योग्य व्यक्ति को दी जाए शासन की कमान - अखिलेश यादव
वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर महाकुंभ के लिए शासन की व्यवस्था पर सवाल किया है। उन्होंने कहा कि "प्रयागराज में चतुर्दिक जाम की वजह से न तो खाने-पीने के लिए खाद्यान्न और सब्ज़ी मसाले उपलब्ध हो पा रहे हैं और न ही दवाई, पेट्रोल-डीज़ल। इससे प्रयागराज व महाकुंभ परिसर तथा प्रयागराज आने-जाने वाले मार्गों पर फंसे करोड़ों भूखे-प्यासे, थके-हारे श्रद्धालुओं की हालत हर घंटे बद से बदतर होती जा रही है। ये एक अति गंभीर स्थिति है। जैसे राज्यों में सांविधानिक तंत्र फ़ेल हो जाने पर कमान किसी और को दे दी जाती है वैसे ही महाकुंभ में अव्यवस्थाओं का अंबार देखते हुए किसी योग्य व्यक्ति को शासन की कमान दे दी जाए। अयोग्य लोग झूठा प्रचार कर सकते हैं, सच्ची व्यवस्था नहीं।
