प्रयागराज: महाकुंभ में महिलाओं के स्नान करने और कपड़े बदलने के वीडियो बनाकर यूट्यूब पर वायरल करने के आरोपी को प्रयागराज पुलिस ने गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर बढ़ाने के उद्देश्य से उसने यह कृत्य किया जिससे यूट्यूब पर उसकी कमाई हो सके। उन्होंने बताया कि अभियुक्त की पहचान अमित कुमार झा के रूप में हुई है और वह पश्चिम बंगाल के हुगली जिले का रहने वाला है। इसके खिलाफ साइबर अपराध थाने में बीएनएस की धारा 296/79 और आईटी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
एक तरफ करोड़ों लोग महाकुंभ में स्नान करने पहुंच रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ इसी महाकुंभ से कुछ लोग अपने पाप की दुकान चला रहे हैं। ये लोग महाकुंभ में पहुंच रहीं महिलाओं और लड़कियों के नहाते हुए वीडियो बनाकर अपने चैनल चला रहे थे। पिछले दिनों सोशल मीडिया में महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं के स्पष्ट वीडियो ऑनलाइन सामने आए। किसी व्यक्ति की निजता और गरिमा का उल्लंघन करने वाले ये वीडियो ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस ने संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी थी।
महाकुंभ स्थल में लगी आग
महाकुंभ स्थल पर यहां देर रात आग लग गई। आग लगने की घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया और उसे एम्बुलेंस से चिकित्सा केन्द्र ले जाया गया। रात करीब 11:30 बजे कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ड्यूटी पर मौजूद अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने बताया कि शास्त्री ब्रिज के निकट एक बाड़े में लगी आग पर काबू पा लिया गया है।
