प्रयागराज

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में VIP-VVIP मूवमेंट पर प्रतिबंध, अमृत स्नान नहीं कर पाएंगे असरदार लोग; नहीं मिलेगा प्रोटोकॉल

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ 2025 में अमृत स्नान और सभी प्रमुख स्नान पर्वों पर वीआईपी मूवमेंट प्रतिबंधित कर दिया गया है। योगी सरकार ने अमृत स्नान और प्रमुख स्नान पर्वों पर तथा उसके एक दिन पहले और एक दिन बाद की तिथियों पर वीआईपी मूवमेंट रोकने को लेकर सर्कुलर जारी किया था।

Image

Maha Kumbh 2025

Maha kumbh 2025: महाकुंभ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ-साथ वीआईपी और वीवीआईपी भी त्रिवेणी संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने आ रहे हैं। लेकिन योगी सरकार ने अमृत स्नान और प्रमुख स्नान पर्वों पर इस तरह के प्रोटोकॉल पर प्रतिबंध लगा दिया है। सीएम योगी की मंशा के अनुसार, अमृत स्नान और प्रमुख स्नान पर्वों पर तथा इसके समीप की तिथियों पर प्रशासन द्वारा किसी प्रकार का वीआईपी प्रोटोकॉल लागू नहीं होगा। योगी सरकार की ओर से मेले की शुरुआत से पहले ही इसकी घोषणा की गई थी। अब इस फैसले को सख्ती से लागू किए जाने की पहल की गई है।

योगी सरकार ने जारी किया सर्कुलर

उल्लेखनीय है कि महाकुंभ के प्रारंभ में ही योगी सरकार ने अमृत स्नान और प्रमुख स्नान पर्वों पर तथा उसके एक दिन पहले और एक दिन बाद की तिथियों पर वीआईपी मूवमेंट रोकने को लेकर सर्कुलर जारी किया था। योगी सरकार की इस पहल के जरिए आम श्रद्धालुओं को स्नान पर्व के अवसर पर यादगार अनुभव उपलब्ध कराया जा सकेगा, जहां वह वीआईपी मूवमेंट के कारण हुई असुविधा, मार्ग परिवर्तन, बाधा और रोक से हटकर चिंतामुक्त होकर स्नान और यात्रा कर सकेंगे।

वीआईपी प्रोटोकॉल नहीं मिलेगा

जारी सर्कुलर में इस बात का साफ उल्लेख किया गया है कि अमृत स्नान समेत सभी प्रमुख स्नान पर्वों और उसके आसपास के दिनों में वीआईपी मूवमेंट पर रोक रहेगी। ऐसे में, वसंत पंचमी, माघ पूर्णिमा और महाशिवरात्रि तथा उसके एक दिन पहले और एक दिन बाद तीर्थराज प्रयागराज में मूवमेंट के इच्छुक वीआईपी और वीवीआईपी को वीआईपी प्रोटोकॉल नहीं मिल सकेगा।

इतना ही नहीं, योगी सरकार ने सर्कुलर में स्पष्ट किया है कि वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर एक सप्ताह पहले ही सूचना उपलब्ध करानी होगी। इससे, ऐन वक्त पर निर्धारित होने वाले वीवीआईपी और वीआईपी मूवमेंट पर भी नकेल कसने में मदद मिलेगी, जिससे स्नानार्थियों और श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा से बचाने में मदद मिलेगी। इसी के साथ, वसंत पंचमी, माघ पूर्णिमा और महाशिवरात्रि के स्नानों पर श्रद्धालुओं को होने भीड़ के बीच लोगों से धैर्य बनाए रखने की विनती करते हुए इन तिथियों और इसके आसपास की तिथियों पर लोगों से सावधानी बरतने की अपील भी की गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article