Maha Kumbh 2025: माघ पूर्णिमा के लिए अतिरिक्त बसों का इंतजाम, हर 10 मिनट में मिलेगी सेवा; तीनों सेनाएं रहेंगी अलर्ट

Maha Kumbh 2025: प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ एक माघ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए रोडवेज ने अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया है। आरक्षित बसों के अलावा कनेक्टिंग सेवा के लिए शटल बसों का एक बेड़ा भी तैयार है। माघ पूर्णिमा एवं आगे के स्नान के लिए 1,200 बसें रिजर्व में रखी गई हैं।

Maha Kumbh 2025: प्रयागराज में त्रिवेणी के तट पर लगे आस्था के जनसमागम में माघ पूर्णिमा स्नान पर्व के पहले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का जनसैलाब उमड़ रहा है। यूपी रोडवेज ने इन आगंतुकों को वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कमर कस ली है। अलग से आरक्षित बसों के अलावा कनेक्टिंग सेवा के लिए शटल बसों का एक बेड़ा भी तैयार है। महाकुंभ में मंगलवार शाम तक 45 करोड़ लोग त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगा चुके हैं। प्रदेश की योगी सरकार इन्हें सकुशल, सुव्यवस्थित इनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पूरी तन्मयता से कार्य कर रही है। दूसरी तरफ, यूपी रोडवेज ने भी अब माघ पूर्णिमा के स्नान के लिए अपनी कमर कस ली है।

UP Roadways Mahakumbh Bus Service

(फाइल फोटो)

1,200 बसें रिजर्व

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने बताया कि महाकुंभ-2025 मेला के मुख्य स्नान पर्वों के सफल संचालन के लिए यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए बसों की पूर्ति के लिए 1,200 अतिरिक्त ग्रामीण बसों की वृद्धि करके क्षेत्रवार आवंटन किया गया है। इसके अलावा महाकुंभ के लिए 3,050 बसें पूर्व से ही आवंटित हैं। 3,050 बसों के अतिरिक्त माघ पूर्णिमा एवं आगे के स्नान के लिए 1,200 बसें रिजर्व में रखी गई हैं, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। महाकुंभ क्षेत्र से चार अस्थायी बस स्टेशनों पर पहुंच रहे आगंतुकों के लिए हर 10 मिनट में रोडवेज बस मिलेगी।

End of Feed