प्रयागराज

कौशांबी में दर्दनाक हादसा; भारी बारिश से ढहा कच्चा मकान, मां-बेटी की मौत

कौशांबी जिले के बहादुरपुर गांव में रविवार सुबह भारी बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

Image

भारी बारिश के कारण मकान ढहने से मां-बेटी की मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

House collapse in Kaushambi: कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर में रविवार सुबह करीब 9:30 बजे भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। यह मकान महाराजदीन रैदास का था, जिसमें उस समय उनकी पत्नी 55 वर्षीय प्रेमा देवी और दो बेटियां, 19 वर्षीय साधना और 17 वर्षीय आराधना मौजूद थीं। हादसे में तीनों मलबे में दब गईं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। तीनों को मलबे से बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्रेमा देवी और साधना को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आराधना की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिजनों से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में वर्तमान में स्थिति शांतिपूर्ण है और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!