उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल के लोगों को आज एक बड़ी खुशखबरी दी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी यूपी से जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर मुख्यमंत्री ने आज यानी बुधवार 22 जनवरी को बड़ी घोषणा की। तीर्थराज प्रयागराज में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों के सस्टेनेबल विकास के लिए एक डेवलपमेंट रीजन बनाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे की लंबाई बढ़ाने की भी बात कही।
गंगा एक्सप्रेसवे की बढ़ेगी लंबाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे को प्रयाग से मिर्जापुर और फिर मिर्जापुर से भदोही और काशी, चंदौली और गाजीपुर तक बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गाजीपुर में जाकर गंगा एक्सप्रेसवे यहां से गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा।
बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे की मौजूदा कुल लंबाई 1047 किमी है। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के बिजौली गांव से शुरू होकर पूर्वांचल में प्रयागराज जिले के जुडापुर डांडू गांव तक बनाया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, जिस तरह से हमने लखनऊ में लखनऊ और आसपास के जिलों को मिलाकर एक स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) बनाया है। उसी तरह से प्रयागराज और चित्रकूट को मिलाकर एक डेवलपमेंट रीजन यहां बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, इसके लिए जो जरूरी होगा, उसके तहत गंगा एक्सप्रेसवे का एक्सटेंशन दिया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी थे।
