Prayagraj: प्रयागराज यानी संगम नगरी के लोगों के लिए खुशखबरी है। महाकुंभ 2025 से पहले इस गर्मी में कई बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ाने शुरू होने जा रही हैं। प्रयागराज के पंडित दीनदयाल उपाध्याय एयरपोर्ट से ये उड़ाने जयपुर, नागपुर, जम्मू, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और गुवाहाटी जैसे शहरों के लिए शुरू हो सकती है। इन उड़ान को ग्रीष्मकालीन शेड्यूल में जगह देने की तैयारी की जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार प्रयागराज से नए शहरों के लिए विमान सेवा उपलब्ध कराने के लिए इंडिगो और एलाइंस एयर के अलावा दो अन्य विमानन कंपनियों ने संपर्क किया है। मार्च माह के आखिरी सप्ताह में विमानों का ग्रीष्मकालीन शेड्यूल जारी होगा। जिसमें इन उड़ानों की घोषणा होने की संभावना है। इसके बाद इन उड़ानों के लिए बुकिंग भी शुरू हो जाएगी।
बता दें कि प्रयागराज में महाकुंभ 2025 होने वाला है। जिसको लेकर प्रयागराज को देश के अन्य हिस्सों के साथ बेहतर कनेक्टिविटी देने का प्रयास किया जा रहा है। अभी प्रयागराज से 12 शहरों के लिए सीधी फ्लाइट सेवा उपलब्ध है। नए प्रस्ताव में सात और शहरों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इन नए शहरों के लिए उड़ाने शुरू होने के बाद प्रयागराज से सीधे 19 शहर जुड़ जाएंगे। इससे महाकुंभ में प्रयागराज आने वाले हजारों-लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिल सकेगी। एयरपोर्ट सलाहकार समिति इन उड़ानों को तय मान रहा है।
