PrayagraJ News: यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) की भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आज प्रतियोगी छात्रों का गुस्सा सड़क पर नजर आया। यूपीपीएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्रों ने आयोग के बाहर प्रदर्शन किया। गेट नंबर 2 के बाहर छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर जमकर नारेबाजी की। लेकिन हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब पुलिस ने छात्रों को धरने से हटाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने छात्रों को बलपूर्वक हटा दिया है।
UPSC प्रतियोगी छात्रों की क्या है मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि आयोग भर्ती परीक्षाओं की संशोधित आंसर-की जारी की जाए। इसके अलावा श्रेणी वार अभ्यर्थियों के कटऑफ मार्क्स भी सार्वजनिक किए जाएं। इस प्रदर्शन को हुंकार मंच समेत कई प्रतियोगी छात्र संगठनों का समर्थन मिला। हालांकि छात्रों के महा आंदोलन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में थे। जिसके चलते लोक सेवा आयोग के पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल, पीएसी और आरएएफ की टीम तैनात की गई थी।
आयोग के बाहर हालात काबू
आयोग के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस ने बलपूर्वक हटा दिया है। लेकिन इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली। छात्रों के इस प्रदर्शन की ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। कई थानों की फोर्स, एसीपी स्तर के अधिकारी और फायर ब्रिगेड भी मौके पर तैनात किए गए हैं। फिलहाल पूरी स्थिति काबू में है।
