शहर

Prayagraj News: चार शव, कई सवाल... साउथ मलाका में गहराया परिवार हत्याकांड का रहस्य

प्रयागराज के साउथ मलाका में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस को पहले तीन शव घर से मिले थे, जबकि लापता बेटे अभिषेक का शव बाद में एक दुकान से बरामद हुआ। दीवारों पर लिखे संदिग्ध संदेशों के बाद यह मामला और रहस्यमयी हो गया है।

Image

साउथ मलाका में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी

Prayagraj News: प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। पुलिस को पहले मंगलवार शाम घर से तीन शव बरामद हुए थे। जिसके बाद देर शाम परिवार के लापता बेटे अभिषेक का शव भी मिलने से इस मामले का रहस्य और गहरा गया है। अब पुलिस इस घटना को हत्या के एंगल से देखते हुए गहन जांच कर रही है।

बेटे का शव दुकान से बरामद

मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक मकान से परिवार के मुखिया वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), उनकी पत्नी अनीता (65) और बेटी मीनाक्षी (45) के शव बरामद हुए थे। पुलिस ने तीनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। लेकिन उनका 40 वर्षीय बेटा अभिषेक लापता बताया जा रहा था। देर शाम पुलिस को अभिषेक का शव परिवार की ही एक दुकान से मिला। परिजनों ने उसकी पहचान की।

बोर्ड पर लिखा संदिग्ध मैसेज

पुलिस के अनुसार अभिषेक का शव कई दिन पुराना लग रहा था और शरीर फूल चुका था। जांच के दौरान पुलिस को घर की दीवारों और एक बोर्ड पर 'बंटी-बबली' और 'बहू ने मारा है' जैसे संदेश लिखे हुए मिले। जिसके बाद यह मामला और रहस्यमय बन गया है। पुलिस अब इन सुरागों के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ा रही है।

परिवार का एक बेटा जेल में बंद

एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट मौके से सबूत जुटा रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। मामले के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक का एक और बेटा अश्विनी वैश्य धोखाधड़ी के मामले में कौशांबी जेल में बंद है। उसकी पत्नी और अन्य रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि शवों पर मिले चोट के निशान किसी भारी चीज से हमले की तरफ इशारा करते हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें