शहर

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर से नामांकन किया दाखिल, कहा- यह बीजेपी का नहीं, जनता का गढ़ है

नामांकन दाखिल करने के बाद किशोर ने कहा कि यह बीजेपी का गढ़ नहीं है जनता का गढ़ है। बिहार में बदलाव के लिए यह चुनाव हो रहा है।

Image

प्रशांत किशोर ने भरा नामांकन (फोटो- टाइम्स नेटवर्क)

Prashant Kishor Files Nomination: जन सुराज पार्टी सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने आज बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। वह समर्थकों के हुजूम संग नामांकन करने पहुंचे। नामांकन दाखिल करने के बाद किशोर ने कहा कि यह बीजेपी का गढ़ नहीं है जनता का गढ़ है। बिहार में बदलाव के लिए यह चुनाव हो रहा है।

बता दें कि बांकीपुर सीट से बीजेपी ने नए उम्मीदवार की घोषणा की थी। अभिषेक कुमार सिन्हा की जगह नीरज कुमार सिन्हा, बांकीपुर से उपचुनाव लड़ेंगे। अभिषेक कुमार सिन्हा ने एक प्रेस कांफ्रेंस में अपना नाम वापस लेने का ऐलान किया था। उधर अभिषेक कुमार ने नाम वापस लिया और इधर बीजेपी ने अपने नए उम्मीदवार की घोषणा कर दी। बांकीपुर सीट पर जनसुराज चीफ प्रशांत किशोर भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, जिसके बाद से यह उपचुनाव हाईप्रोफाइल हो गया है।

अभिषेक कुमार सिन्हा ने नाम लिया वापस

शुक्रवार 10 जुलाई को अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि वो पारिवारिक कारणों से चुनाव लड़ने में असमर्थ हैं, इसलिए नाम वापस ले रहे हैं। अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा, "...पारिवारिक कारणों से, मैं विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं। मैं एक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर निष्ठापूर्वक सेवा करता रहूंगा।"

नितिन नवीन की सीट है बांकीपुर

प्रशांत किशोर के आने से पहले ही इस उपचुनाव की चर्चा होने लगी थी। वजह थे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन। इससे पहले नितिन नवीन ही बांकीपुर सीट से विधायक थे। राज्यसभा में चुने जाने के बाद उन्होंने बांकीपुर सीट से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद यह उपचुनाव हो रहा है।

कब है बांकीपुर सीट पर चुनाव?

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी ने भी गुरुवार को नामांकन दाखिल किया था। वहीं जन सुराज की तरफ से उम्मीदवार एवं पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-26 में पदयात्रा कर रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article