शहर

जेवर छात्र हत्याकांड:एनकाउंटर के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार,सामने आई हत्या की वजह

21 मई को ग्राम बनवारीवास निवासी गोपाल शर्मा के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जांच के दौरान गोपाल का शव रोही गांव स्थित एक खाली पड़े मकान से बरामद हुआ था। अब पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर दिया है।

Image

पीड़ित परिजनों से मुलाकात।

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा हत्याकांड का खुलासा हो गया है। पुलिस ने मामले में मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले,राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख जताया। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था और घटना के बाद से लगातार जनआक्रोश देखने को मिल रहा था।

श्रीकान्त त्यागी ने की पीड़ित परिजनों से मुलाकात

गोपाल शर्मा हत्याकांड के बाद राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। ग्राम बनवारीवास पहुंचकर उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख जताया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की। श्रीकान्त त्यागी ने कहा कि मासूम बच्चे की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन को 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम भी दिया।

21 मई को मिला था गोपाल का शव

पुलिस के अनुसार, 21 मई को ग्राम बनवारीवास निवासी गोपाल शर्मा के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जांच के दौरान गोपाल का शव रोही गांव स्थित एक खाली पड़े मकान से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि हुई थी।

मामले में ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि इस मामले में मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई। बुधवार को चेकिंग के दौरान बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश और मोहित निवासी रोही तथा उमेश निवासी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है।

इस वजह से की हत्या

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गोपाल उनके साथ बैठकर हुक्का पीता था। कुछ दिन पहले गोपाल की दादी ने आरोपियों को डांट दिया था, जिससे वे नाराज थे। इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article