Saharanpur Police Encounter: सहारनपुर में दिनदहाड़े पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक बदमाश को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। मुठभेड़ के दौरान एक इंस्पेक्टर और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। यह मुठभेड़ सरसावा और चिलकाना के बीच डूमवाला गांव के पास हुई।
पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग
सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र में पिलखनी और डूमवाला गांव के बीच पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पिलखनी-डूमवाला मार्ग पर पुलिस टीम का बदमाशों से सामना हो गया। खुद को चारों ओर से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं।
एक बदमाश हुआ ढेर
मुठभेड़ के दौरान कपूरी गांव निवासी एहसान पुत्र रियासत, थाना नकुड़ को गोली लग गई। पुलिस के अनुसार उसे सीने और पैर में गोली लगी, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। इस मुठभेड़ में थाना सरसावा प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश शर्मा भी घायल हो गए। उनके बाएं हाथ में दो गोलियां लगी हैं।
घायलों का इलाज जारी
वहीं हेड कांस्टेबल सोनू को भी गोली लगने से चोट आई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। फरार बदमाश की तलाश में इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश देकर आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
