शहर

Jamnagar: बाढ़ में उतराकर चल पड़ी पुलिस चेक पोस्ट, वीडियो देख नहीं होगा यकीन

जामनगर में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ के पानी में पुलिस चेक पोस्ट बह गई। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें चेक पोस्ट नाव की तरह बहती हुई प्रतीत हो रही है।

Image

बाढ़ में बही पुलिस चेक पोस्ट

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

जामनगर: गुजरात के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भारी बारिश का दौर जारी रहा, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और निचले इलाकों में बाढ़ आ गई। लगातार बारिश के कारण बांधों और नदियों का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर छह हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में सोमवार को सात लोगों की मौत हो गई। उधर, जामनगर में पिछले 24 घंटे से बारिश ने अपना कहर भरपाया हुआ है। इस दौरान अजीबो-गरीब चीजें पानी में तैरती हुई एक स्थान से दूसरे स्थान जाते हुए देखने में आ रही है, जिन्हें देखने के बाद भी आंखों पर भरोसा नहीं होगा। जी, हां जामनगर के महाप्रभु जी की बैठक के पास बनी पुलिस चेक पोस्ट बाढ़ के पानी के बह गई।

बाढ़ में बह गई पुलिस चेक पोस्ट

इससे जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस चेक पोस्ट पानी के बहाव में गोते लगाती हुई आगे बहकर निकल रही है। लोग दूर से चेक पोस्ट के बह जाने की बात कह रहे हैं। इधर राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, गुजरात में अब तक औसत वार्षिक बारिश का लगभग 100 फीसदी पानी बरस चुका है। आकड़ों के अनुसार, राज्य के कच्छ, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात जिले में औसत वार्षिक वर्षा से 100 प्रतिशत से अधिक बारिश हो चुकी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को गुजरात के अधिकांश हिस्सों में, जबकि बुधवार और बृहस्पतिवार को सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में बेहद भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, बृहस्पतिवार तक राज्यभर में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।

कहां कितनी हुई बारिश

मोरबी जिले के टंकारा तालुका में मंगलवार सुबह छह बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में 347 मिलीमीटर बारिश हुई, जो राज्य में सबसे अधिक है। वहीं, पंचमहल के मोरवा हदफ में 346 मिलीमीटर, खेड़ा के नाडियाद में 327 मिलीमीटर, आणंद के बोरसाद में 318 मिलीमीटर, वडोदरा तालुका में 316 मिलीमीटर और आणंद तालुका में 314 मिलीमीटर पानी बरसा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article