शहर

Shahjahanpur: बेटी के सिर से उठा पिता का साया, तो पुलिस ने कराई दलित युवती की शादी; हर तरफ हो रही चर्चा

युपी के शाहजहांपुर में पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। यहां पुलिस ने एक दलित युवती की शादी कराई है। युवती की पिता की मौत होने के बाद पुलिस ने उसकी शादी का जिम्मा उठाया।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

शाहजहांपुर पुलिस ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए उस दलित युवती की शादी कराई है, जिसके पिता ने हाल में आत्महत्या कर ली थी। जिला पुलिस ने न केवल उसकी शादी का पूरा खर्च उठाया, बल्कि पुलिस अधिकारियों ने उसका कन्यादान भी किया। शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को आई बारात में 500 बाराती शामिल हुए और 'बारात घर' में घराती के रूप में पुलिसकर्मियों ने बरातियों का स्वागत किया और विवाह संपन्न होने के बाद बेटी को सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य उपहार देकर विदा किया।

पिता ने कर ली थी आत्महत्या

एसपी ने बताया कि थाना तिलहर अंतर्गत कमल नैनपुर गांव का राम आसरे (42) टेंपो चलाता था और उस पर बैंक का कर्ज था। उन्होंने बताया कि इस बीच, राम आसरे ने अपनी 22 वर्षीय बेटी महिमा की शादी एत्मादपुर गांव के मनोज कुमार से तय कर दी थी। उन्होंने बताया कि शादी की चिंता के साथ ही कर्ज चुकाने की चिंता से परेशान होकर राम आसरे ने 16 अप्रैल को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी दयाशंकर जब मृतक के घर गए तो उन्हें इस पूरी घटना की जानकारी हुई।

पुलिस ने शादी का उठाया जिम्मा

उन्होंने बताया कि जब दयाशंकर सिंह ने उन्हें पूरी बात बताई तो उन्होंने पुलिस के सहयोग से बेटी महिमा का विवाह कराने का निर्णय किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शादी के कार्ड छपवाकर वधू के रिश्तेदारों को न्योता दिया और 12 जून को तिलक चढ़ाने के लिए पुलिसकर्मी और अधिकारी वर पक्ष के गांव पहुंचे और पूरे विधि विधान के साथ तिलक चढ़ाया।

शादी समारोह में मौजूद रहे पुलिस अधिकारी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को संपन्न विवाह में पुलिस अधीक्षक मीणा और कोतवाल दया शंकर सिंह ने महिमा का कन्यादान किया और पूरी रात शादी के मंडप में रहकर शादी संपन्न करायी। उन्होंने बताया कि वधू की शादी में वाशिंग मशीन, फ्रिज, डबल-बेड पलंग, सोफा सेट, संदूक समेत सोने चांदी के आभूषण भी दिए गए और वधू को पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर डालकर एक मोबाइल फोन भी दिया गया ताकि कोई परेशानी होने पर वह सीधे उनसे बात कर सके।

पुलिस का मानवीय चेहरा देख भावुक हुईं मां

महिमा की मां गुड्डी देवी ने बताया कि उनकी चार बेटियां हैं और 12 साल का एक बेटा है। उन्होंने बताया कि पति की मौत के बाद बेटी की शादी को लेकर सभी लोग काफी परेशान थे, ऐसे में पुलिस हमारे लिए भगवान का अवतार बनकर सामने आई और बेटी की शादी बड़े धूमधाम से संपन्न कराई।

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article