शहर

दिल्ली मेट्रो विस्तार से बदलेगी राजधानी की रफ्तार, कल पीएम मोदी करेंगे नई लाइनों का उद्घाटन और तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास

दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से राजधानी की कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। 8 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन और तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे, जिससे दिल्ली और एनसीआर में आवागमन और आसान होगा।

Image

कल के कार्यक्रम को लेकर निरीक्षण करती सीएम रेखा गुप्ता।

दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राजधानी में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली मेट्रो का लगातार बढ़ता दायरा शहर की रफ्तार और कनेक्टिविटी दोनों को बदल देगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को दो नई मेट्रो लाइनों का उद्घाटन करेंगे और तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली को तेज, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़त मिलेगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर से पिंक लाइन की बढ़ जाएगी लंबाई

रेखा गुप्ता के अनुसार प्रधानमंत्री मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क सेक्शन (मैजेंटा लाइन) का उद्घाटन करेंगे। मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर के शुरू होने से पिंक लाइन की कुल लंबाई करीब 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ मिल जाएगी। इससे उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक तेज और सुविधाजनक होगा।

दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन का विस्तार

वहीं दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन के विस्तार से इस लाइन की लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस कॉरिडोर से कई आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को समयबद्ध और निर्बाध यात्रा की सुविधा मिलेगी।

तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे

इसके अलावा प्रधानमंत्री मेट्रो फेज-V (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-1 तक का कॉरिडोर और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक का कॉरिडोर शामिल है। इन परियोजनाओं से दिल्ली के प्रशासनिक, वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा एयरपोर्ट तक मेट्रो की तेज और सीधी पहुंच सुनिश्चित होगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने कही यह बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली ही नहीं, बल्कि एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्री वायलेट लाइन से तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन के जरिए सीधे एयरपोर्ट जा सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट तक आसानी से सफर कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देते हुए वर्ष 2025-26 के बजट में परिवहन विभाग के लिए 9,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत अधिक है। मेट्रो परियोजनाओं को गति देने के लिए बजट में 2,929 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के साझा प्रयासों से राजधानी की परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। उनका कहना था कि व्यापक और आधुनिक मेट्रो नेटवर्क से दिल्ली को विश्वस्तरीय, स्वच्छ और जाम-मुक्त परिवहन प्रणाली मिलेगी और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!