Petrol-Diesel Shortage : देश के कई हिस्सों में डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और संदेशों के कारण कुछ शहरों में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि अधिकारियों और तेल कंपनियों का कहना है कि सप्लाई सामान्य है। सरकार और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने भी साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों में किसानों का कहना है कि डीजल के शॉर्टेज से गेंहू की कटाई, मड़ाई प्रभावित हो रही है और हॉस्पिटल आने जाने वाले मरीज भी परेशान हो रहे हैं। प्रयागराज में एक पेट्रोल पंप मैनेजर का कहना है कि उन्हें प्रशासन से आदेश मिले हैं कि ज्यादा भीड़ होने पर पंप को बंद कर दिया जाए।
पटना में पेट्रोल पंपों पर भीड़
बिहार की राजधानी पटना में हालात पूरी तरह सामान्य बताए जा रहे हैं। यहां के पेट्रोल पंपों पर लोगों की आवाजाही सामान्य है और वाहन चालक आराम से अपनी गाड़ियों में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी तरह की किल्लत नहीं है और घबराने की जरूरत भी नहीं है।
भोपाल में फैली अफवाह
वहीं भोपाल में भी पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। यहां लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को अफवाह बताया है। जानकारी के मुताबिक कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोलियम कंपनियों और पंप संचालकों के बीच समन्वय की कमी के कारण थोड़ी देर के लिए असर पड़ा था, लेकिन सप्लाई में कोई बड़ी समस्या नहीं है।
बहराइच में उमड़ी भीड़
हालांकि यूपी के बहराइच में पेट्रोल खत्म होने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिसके बाद कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात तक लोग पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पंपों पर डटे रहे। अफरा-तफरी की स्थिति के चलते कुछ पेट्रोल पंपों को अस्थायी रूप से बंद भी करना पड़ा। कई लोग अपने वाहनों को धक्का मारकर वापस ले जाते भी नजर आए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।
इधर गैस सिलेंडर को लेकर भी कुछ शहरों में परेशानी की खबरें सामने आई हैं। हरियाणा के पंचकूला में गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी लाइनें लग गईं। कई लोगों ने बताया कि वे सुबह 8 बजे से कतार में खड़े हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है। लोगों का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है, जिससे चिंता बढ़ गई है।
मुंबई में गैस एजेंसी के बाहर भीड़
इसी तरह Mumbai के मालवणी इलाके में भी गैस सिलेंडर के लिए करीब एक किलोमीटर लंबी कतार देखने को मिली। कई लोग छोटे बच्चों के साथ सड़क पर घंटों इंतजार करते दिखाई दिए। कुछ ग्राहकों का कहना है कि बुकिंग के 15 दिन बाद भी उन्हें सिलेंडर का इंतजार करना पड़ रहा है।
वहीं हैदराबाद के खैरताबाद इलाके में एक गैस फिलिंग स्टेशन पर ऑटोरिक्शा की लंबी लाइन देखी गई। बताया जा रहा है कि डीजल-पेट्रोल की कमी की अफवाह के चलते अचानक मांग बढ़ गई है।
कैसे हैं जम्मू में हालात
जम्मू में निदेशक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले Rifat Kohli ने स्पष्ट किया है कि शहर में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि विभाग के पास करीब 15 दिन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में लोगों को आसानी से गैस सिलेंडर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की कमी को लेकर जो खबरें फैल रही हैं, वे पूरी तरह से अफवाह हैं और लोगों को उन पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
वहीं श्रीनगर में पेट्रोल और डीजल की अफवाह के चलते कुछ जगहों पर पैनिक बाइंग देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोगों के अचानक ईंधन भरवाने पहुंचने के कारण कुछ पेट्रोल पंपों का स्टॉक अस्थायी रूप से खत्म हो गया, जिसके चलते उन्हें कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। इन पंपों के बंद होने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि डिविजनल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि ईंधन की पर्याप्त सप्लाई उपलब्ध है और बंद पड़े पेट्रोल पंपों को जल्द ही दोबारा सप्लाई मिल जाएगी।
दिल्ली में हालात सामान्य
इधर राजधानी दिल्ली में स्थिति सामान्य में स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। यहां पेट्रोल पंपों पर किसी तरह की कोई समस्या देखने को नहीं मिल रही है। लोग सामान्य दिनों की तरह पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच रहे हैं। छुट्टी का दिन होने की वजह से पंपों पर भीड़ भी अपेक्षाकृत कम है। पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना है कि दिल्ली में ईंधन की सप्लाई में कोई दिक्कत नहीं है और कमी की खबरें महज अफवाह हैं। उन्होंने बताया कि पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
अधिकारियों का कहना है कि देशभर में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की सप्लाई सामान्य है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें, ताकि अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा न हो।
