मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मुंबई की ओर जाने वाले लेन पर मिसिंग लिंक सुरंग मार्ग के निकास बिंदु के पास एक भीषण दुर्घटना हुई, जहां कथित तौर पर दो ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर के कारण एक ट्रक में लदा पेंट हाईवे के एक बड़े हिस्से पर फैल गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस घटना में एक ट्रक चालक समेत दो लोगों के मारे जाने की खबर है। जानकारी के मुताबिक, सुरंग में लोगों को ऑक्सीजन की परेशानी हो रही है।
तीन घंटे तक चार लेन पर ट्रैफिक प्रभावित रहा
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। पुणे से मुंबई की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और करीब तीन घंटे तक चार लेन पर ट्रैफिक प्रभावित रहा।
अनियंत्रित ट्रक वाहनों में घुसा
रिपोर्ट के मुताबिक यह दुर्घटना शाम करीब 5 बजे बोरघाट के एम.पी. सेंटर इलाके के पास हुई। बताया जा रहा है कि ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने चल रहे वाहनों में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया और वाहन कई किलोमीटर तक फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायल लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और ट्रैफिक सामान्य करने में करीब दो घंटे का समय लगा।
पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और ट्रक चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे की चार लेन पर यातायात प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
