Patna University Student Union Election : पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव को लेकर बड़ा यू-टर्न सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले जारी किया गया स्थगन आदेश वापस लेते हुए स्पष्ट कर दिया है कि मतदान अब तय कार्यक्रम के अनुसार 28 फरवरी को ही कराया जाएगा। इससे पहले कैंपस में हुई कुछ अनुशासनहीन घटनाओं और आचार संहिता उल्लंघन के आरोपों के बाद चुनाव को टालने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, छात्रों की मांग और तमाम तैयारियों के मद्देनजर फैसले को बदलना पड़ा है। इस आदेश के बाद छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के प्रति अपना रवैया बदला है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके हों, इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव
नारेबाजी, पोस्टरबाजी के बाद चुनाव हुए थे स्थगित
प्रशासन की ओर से कहा गया था कि बिना अनुमति परिसर में नारेबाजी, पोस्टरबाजी और कुछ स्थानों पर शिक्षकों व पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार की शिकायतें मिली थीं। साइंस कॉलेज में एक शिक्षक के साथ मारपीट की घटना भी चर्चा में रही, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए एहतियातन चुनाव स्थगित किया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर चुनाव कराए जाएंगे संपन्न
हालांकि छात्र संगठनों के विरोध और लगातार बैठकों के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर चुनाव तय तिथि पर ही संपन्न कराया जाएगा। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों और समर्थकों को आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।
नामांकन की प्रक्रिया पहले से हो चुकी है पूर्ण
नामांकन की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और प्रचार अभियान जारी है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि कैंपस में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। अब सभी की निगाहें 28 फरवरी को होने वाली वोटिंग पर टिकी हैं, जहां छात्र अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे।
