Maharashtra News: महाराष्ट्र पुलिस में सोशल मीडिया को लेकर सख्त फैसला लिया गया है। अब पुलिसकर्मी यूनिफॉर्म में रील या किसी भी अन्य तरह का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं कर सकेंगे। विभाग ने इसे सुक्षा और प्राइवेसी से जुड़ा मामला बताया है। इस फैसले के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
महाराष्ट्र पुलिस फोर्स के लगभग 51,000 जवानों को यूनिफॉर्म में रील, मिनी-व्लॉग या किसी भी तरह के सोशल मीडिया वीडियो पोस्ट करने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया है। स्पेशल ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर दत्तात्रेय कांबले ने एक सर्कुलर जारी कर यह निर्देश दिया है। सर्कुलर में साफ तौर पर कहा गया है कि सोशल मीडिया पर यूनिफॉर्म में बनाए गए वीडियो में अक्सर अनजाने में ऑफिस परिसर, सरकारी गाड़ियां, सुरक्षा उपकरण, ड्यूटी से जुड़ी चीजें और संवेदनशील स्थान नजर आ जाते हैं, जिससे प्राइवेसी और ऑपरेशनल सिक्योरिटी (Operational Security) को खतरा हो सकता है।
आदेश के उल्लघंन पर होगा डिसिप्लिनरी एक्शन
इस संबंध में सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले जवानों के खिलाफ डिसिप्लिनरी एक्शन लिया जाएगा। इसके लिए मुंबई पुलिस सोशल मीडिया लैब को जिम्मेदारी दी गई है कि वे अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निगरानी रखें। किसी भी तरह का उल्लंघन होने पर उसकी रिपोर्ट वे उच्च अधिकारियों को दें।
खाकी स्वैग ट्रेंड पर लगा ब्रेक
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “खाकी स्वैग” वीडियो का ट्रेंड काफी पॉपुलर हो रहा था। जिसमें कई पुलिसकर्मी यूनिफॉर्म में रील्स या वीडियो बनाकर ऑनलाइन पोस्ट कर रहे थे। इन वीडियो में कभी-कभी संवेदनशील बैकग्राउंड और ड्यूटी से जुड़ी जानकारियां भी दिखाई दे रही थीं, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीर चिंता का विषय मानते हुए यह फैसला लिया। इससे पहले, कुछ MLA ने भी इस विषय पर विधानसभा में सवाल उठाया था।
