शहर

Patna Encounter: पटना में बड़ी वारदात टली, लूट की साजिश रच रहे दो बदमाश गिरफ्तार

पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार हो गए। इस दौरान एक अपराधी अजय पासवान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए हैं।

Image

पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़

Patna Police Encounter: पटना में पुलिस ने एक बड़ी लूट की घटना को रोकने में कामयाबी हासिल की। इसके साथ ही दो आरोपियों को भी मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह कार्रवाई मसौढ़ी थाना क्षेत्र के चरमा इलाके में हुई, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी। पुलिस के अनुसार, घायल अपराधी की पहचान मनेर निवासी अजय पासवान के रूप में हुई है। जिस पर पहले से ही बैंक डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जानकारी के मुताबिक, मसौढ़ी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो शातिर अपराधी इलाके में किसी सोना-चांदी की दुकान में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई की गई और वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में स्पेशल छापेमारी टीम का गठन किया गया।

मसौढ़ी एनकाउंटर में दो शातिर गिरफ्तार

पुलिस टीम ने चरमा इलाके में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। जब अपराधियों ने खुद को पुलिस से घिरता हुआ पाया, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जिससे अपराधियों की गोली पुलिस वाहन में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जिसमें अजय पासवान के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं उसके दूसरे साथी को भी पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।

कैश वैन लूटकांड से जुड़े निकले अपराधी

पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हुए दोनों अपराधियों पर बिहार समेत कई राज्यों में डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट के 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी पता चला है कि 13 मई 2026 को गोपालपुर थाना क्षेत्र में CMS कंपनी की कैश वैन से हुई लूट में भी दोनों अपराधी शामिल थे। पुलिस ने 36 घंटे के भीतर उस मामले का खुलासा किया था और अब इस मुठभेड़ में पकड़े गए अपराधियों की भी संलिप्तता सामने आई है। पटना पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article