Bihar News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के डेरवा मठिया गांव में बुधवार को एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जब एक महिला ने अपने वृद्ध ससुर की हत्या कर दी। मृतक 62 वर्षीय रामनाथ सहनी थे, जो शारीरिक रूप से दिव्यांग थे। पुलिस के अनुसार, बहू खुशबू देवी ने उन पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
दिव्यांग ससुर की हत्या के आरोप में महिला गिरफ्तार
चकिया के डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि हत्या घरेलू विवाद का नतीजा है। घटना के समय खुशबू देवी अपने चार वर्षीय बेटे रौशन को साथ ले जाने आई थीं, लेकिन रामनाथ सहनी ने पोते को देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसा में बदल गया। बताया जा रहा है कि बहू ने अपने ससुर के प्राइवेट पार्ट को भी ईंट से कुचल दिया। पुलिस ने खुशबू देवी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। रामनाथ सहनी का शव पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया है।
मृतक के दोनों बेटे घटना की सूचना मिलते ही घर पहुंचे। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन गांव में गश्त बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
