पटना

सहरसा में राहत सामग्री को बाढ़ पीड़ितों ने लूटा, जान जोखिम में डालकर वाहन पर चढ़े लोग; देखें वीडियो

आज बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सह भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल का काफिला गुजरते ही बाढ़ पीड़ितों ने राहत किट वितरण करने आए वाहन को लूट लिया। इस दौरान बच्चे-बूढ़ों से लेकर महिलाएं भी लूट में शामिल रहीं।

Image

बाढ़ पीड़ितों ने राहत वाहन को लूटा

बिहार के सहरसा जिले में भाजपा के राहत वाहन को बाढ़ पीड़ितों ने लूट लिया। दरअसल आज माननीय मंत्रियों का सहरसा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे और बाढ़ राहत शिविर का कार्यक्रम था। जिसके लिए पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार बबलू द्वारा राहत किट बनवाया गया था। आज बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत किट का वितरण किया जाना था। शनिवार को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सह भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने महिषी प्रखण्ड के गंडोल चौक के पास बहरामपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इसके बाद वे जैसे ही अन्य क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। तुरंत ही बाढ़ पीड़ितों के हुजूम ने बाढ़ राहत कीट लोडेड वाहन को लूट लिया।

लूट की घटना का वीडियो

इस घटना के वीडियो में आप देख सकते हैं बाढ़ पीड़ितों का हुजूम किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर बीजेपी के बाढ़ राहत वाहन को लूट रहा है। जिसमें बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि भीड़ में शामिल लोग भूखे थे। जिन्होंने राहत सामग्री से भरी गाड़ी को देखकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया। हालांकि इस राहत लूट के दौरान कई लोग चोटिल भी हुए हैं।

बाढ़ के कारण क्षेत्र के हालात काफी खराब

बीजेपी जिला उपाध्यक्ष रितेश रंजन ने कहा कि बाढ़ के कारण इस क्षेत्र के हालात खराब है। उन्होंने कहा कि हम लोग प्रयास कर रहे हैं कि सरकार से मिलने वाली मदद के साथ ही पार्टी द्वारा अलग से भी राहत वितरण किया जाए। इसी क्रम में आज बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत किट वितरित किया जाना था। लेकिन इससे पहले ही राहत किट को भीड़ ने लूट लिया। उन्होंने कहा कि इस घटना पर संतोष की बात ये है कि आखिरकार लूटे गये राहत किट बाढ़ पीड़ितों के बीच ही पहुंचा है। आगे से वितरण कार्य को व्यवस्थित ढ़ंग से करने का प्रयास किया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article