बिहार के सासाराम में मैट्रिक परीक्षा के दौरान एक बात को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद के चलते बदमाशों ने स्कूल के दो छात्रों की गोली मार दी। इस घटना में एक छात्र की मौत हो गई है और दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रों को गोली मारे जाने की इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कोलकाता-बनारस नेशनल हाईवे जाम किया, जिसके कारण रास्ते पर लंबा जाम लग गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
किस बात को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल छात्रों का परीक्षा केंद्र सासाराम के एक हाई स्कूल में पड़ा था। परीक्षा के दौरान आंसरशीट से नकल नहीं करने देने की बात पर छात्रों में विवाद हो गया। उसके बाद यह लोग बाहर छात्रों का इंतजार करने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान घर जा रहे छात्रों के समूह पर घात लगाए छात्रों के एक अन्य समूह ने फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में दो छात्रों को गोली लगी, जिसमें से एक की मौत हो गई। अन्य छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है।
गुस्साए ग्रामीणों किया हाईवे जाम
इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने अपराधियों को पकड़ने की मांग करते हुए छात्र का शव कोलकाता-बनारस नेशनल हाईवे पर रखकर सड़क जाम कर दी। घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आगजनी भी की। इस कारण पूरी सड़क पर घंटों तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंकर स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास किया। स्थिति पर काबू करने के लिए पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रत्यक्षदर्शी छात्र ने दिया बड़ा बयान
घटना को लेकर पूछताछ किए जाने पर घटना के दौरान मौजूद एक अन्य छात्र ने बताया कि "चीटिंग से मना करने पर हमें धमकी दी गई कि ऑटो पर बम गिरवा देंगे। हम परीक्षा देकर लौट रहे थे कि तभी कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।"
