Patna Traffic Advisory: बिहार की राजधानी पटना में रविवार यानी एक दिसंबर को मैराथन को लेकर कई रास्ते बंद रहेंगे। इस दौरान कुछ रास्तों को डायवर्ट किया गया है, ताकि मैराथन के वक्त लोगों को परेशानी नहीं हो। मैराथन को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। बता दें कि मैराथन की शुरुआत पटना गांधी मैदान के एक नंबर गेट से होगी। इस मैराथन का आयोजन नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए किया जा रहा है।
फाइल फोटो।
मैराथन को लेकर कई रास्ते डायवर्ट
जानकारी के अनुसार, 30 नवंबर की रात 12 बजे से एक दिसंबर को दिन के 11 बजे तक गांधी मैदान के गेट नंबर एक से चिल्ड्रेन पार्क तक रास्ते बंद रहेंगे। इसके अलावा कमिश्नर ऑफिस के सामने दक्षिणी लेन से लेकर जेपी गंगा पथ मोड़, अटलपथ, गोलंबर दीघा तक एक लाइन बंद रहेगी। यानी कि सिर्फ एक लाइन पर ही वाहन चलेंगे।
नशामुक्ति को लेकर जागरूकता पर जोर
रविवार को होने वाली पटना मैराथन में नशामुक्ति के संदेश को फैलाने के साथ-साथ धावकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इस संबंध में चिकित्सा आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। सिविल सर्जन, डॉ. मिथिलेश्वर कुमार ने एम्स पटना, आईजीआईएमएस, आईजीआईसी, पीएमसीएच और एनएमसीएच के चिकित्साधीक्षकों को पत्र लिखकर इमरजेंसी-ट्रामा, ओटी और आईसीयू को अलर्ट मोड में रखने का आग्रह किया है।
धावको के लिए अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था
इसके लिए गांधी मैदान में एक अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। मैराथन रूट पर हर डेढ़ से तीन किलोमीटर की दूरी पर मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी। धावकों के साथ बाइक से चार डॉक्टर और चिकित्साकर्मी लगातार चलेंगे। इसकी पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. विवेक कुमार सिंह को सौंपी गई है। गांधी मैदान में अस्थायी अस्पताल की जिम्मेदारी गिरीश ओझा और डॉ. प्रशांत कुमार सिंह को सौंपी गई है।
चिकित्साकर्मियों को सुबह चार बजे से मौजूद रहने का निर्देश
इसके साथ ही सभी डॉक्टरों और चिकित्साकर्मियों को सुबह चार बजे से निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहने को कहा गया है। गांधी मैदान गेट नंबर एक पर बने अस्थायी अस्पताल में चार डॉक्टर, नौ नर्स और अन्य चिकित्साकर्मी तैनात किए गए हैं।
