पटना

Bihar News: उफनती गंगा में मस्ती पड़ी भारी, तेज बहाव में बह गए तीन दोस्त

Bihar News: बिहार में उफनती गंगा नदी में मस्ती करना तीन दोस्तों को भारी पड़ गया। मुंगरे के दो अलग-अलग जगहों पर इस तरह की घटना हुई। जिसके बाद इनकी तलाश के लिए NDRF और गोताखोर की टीम को लगाया गया है-

Image

उफनती गंगा के तेज बहाव में बह गए तीन दोस्त (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Bihar News: बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड में उफनती गंगा नदी में 3 युवकों को मस्ती करनी भारी पड़ गई। मुंगेर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटना में गंगा के बाढ़ के पानी में मंगलवार को तीन लोग डूब गए। अब एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर उनकी तलाश में जुटे हैं। पुलिस के अनुसार, पहली घटना बरियारपुर प्रखंड की हैं, जहां दो छात्र बाढ़ के पानी में डूब गए। अब उनकी तलाश में एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को लगाया गया है।

गंगा के तेज बहाव में बह गए 3 दोस्त

लापता लोगों में असरगंज माल खानपुर निवासी चाहत कुमार और लोहचि नाकी निवासी मुकुंद कुमार शामिल हैं। दोनों मैट्रिक के छात्र हैं। बताया जाता है कि ये दोनों युवक बाढ़ के पानी में मस्ती करने उतरे थे और अचानक तेज बहाव में बह गए। दूसरी घटना मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सोझी घाट की है, जहां दो दोस्त गंगा स्नान कर रहे थे। स्नान करने के दौरान एक दोस्त तेज धार में बह गया, जबकि दूसरा दोस्त किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गया।

बाढ़ से प्रभावित बिहार के 12 जिले

उल्लेखनीय है कि बिहार में गंगा नदी उफान पर है। बिहार में गंगा अभी भी रौद्र रूप में है। बाढ़ का पानी 12 जिलों के 65 प्रखण्डों के 376 ग्राम पंचायतों में फैला हुआ है, जिससे 13.56 लाख की आबादी प्रभावित हुई है। गंगा किनारे के सभी 12 जिलों बक्सर, भोजपुर, सारण, वैशाली, पटना, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर एवं कटिहार के 376 ग्राम पंचायत बाढ़ से प्रभावित है।

26 अगस्त को गंडक नदी में 4 लोग डूबे

बता दें कि बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में 26 अगस्त को श्राद्ध कर्म के मौके पर गंडक नदी में स्नान करने गए एक ही परिवार के चार लोग नदी में डूब गए थे। पुलिस ने बताया था कि यादोपुर के मटियारी गांव के निवासी नवलेश कुमार सिंह की माता का निधन हो गया था। उनका दशगात्र था। इसी मौके पर परिवार के सभी पुरुष सदस्य गंडक नदी में घाट पर मुंडन कराने के लिए पहुंचे थे। मुंडन के बाद वे नदी में स्नान करने के लिए उतरे थे। इसी दौरान सुजीत कुमार डूबने लगे थे, उन्हें बचाने के क्रम में परिवार के अन्य सदस्य भी तेज धार में चले गए और डूब गए।

(इनपुट-भाषा)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article