पटना

बिहार में बह गई उल्टी गंगा? पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती समारोह में नीतीश के साथ पहुंचे तेजस्वी यादव

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 25, 2023, 10:16 PM IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ स्वर्गीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर पंडित जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

Image

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती समारोह में पहुंचे नीतीश-तेजस्वी (फाइल फोटो)

Photo : Twitter

बिहार की राजनीति भी महाराष्ट्र की राजनीति जैसी होती जा रही है, कब क्या हो जाए पता नहीं। जिस जनसंघ, भाजपा, आरएसएस को लेकर लालू यादव हमलावर रहे हैं, उसी के नेता की जयंती समारोह में उनके बेटे तेजस्वी यादव शामिल हुए। उनके साथ बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी थे। अब क्या खिचड़ी पक रही है ये तो पता नहीं लेकिन कहानी कुछ न कुछ तो है।

मंत्री सहित पहुंचे नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ स्वर्गीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर पंडित जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

नीतीश की दलील

कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत की। पत्रकारों के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पहले साथ थे लेकिन आज इस कार्यक्रम में नहीं आए तो वे जानें। उन्होंने कहा कि उपाध्याय की जयंती को लेकर जो चीज पहले से सरकार की ओर से तय की हुई है, उसमें सबलोग आते हैं। हम तो सबकी इज्जत करते हैं, सबका सम्मान करते हैं। हम सबलोगों के लिए काम कर रहे हैं। आगे भी हमलोग विकास का काम यूं ही करते रहेंगे।

लालू करते रहे हैं विरोध

उल्लेखनीय है कि दीनदयाल उपाध्याय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में थे। राजद शुरू से आरएसएस का विरोध करती रही है। नीतीश के साथ तेजस्वी के इस कार्यक्रम में आने के बाद बिहार की राजनीति में तरह - तरह की चर्चा हो रही है।

क्या बोली भाजपा

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा से जब नीतीश कुमार द्वारा जयंती समारोह में शामिल होने के संबंध में पूछा गया तब उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी आभास हो रहा है। भाजपा में हर भारतीय का स्वागत है। भाजपा राष्ट्रवाद के पद पर चलती है। अंत्योदय के महामंत्र को लेकर चलता है, इसको जो स्वीकार करेगा निश्चित तौर पर भारतीय जनता पार्टी उसके प्रति सकारात्मक भाव रखेगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article