पटना

ओ स्त्री सत्ता दिलाना! तेजस्वी यादव ने बिहार में महिलाओं और छात्रों से किए चुनावी वादे

बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और RJD नेता तेजस्वी यादव ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से महिलाओं को रिझाना शुरू कर दिया है। उन्होंने सिर्फ 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया है। सत्ता में आने पर ताड़ी को शराबबंदी से बाहर करने की घोषणा भी तेजस्वी ने की है।

Image

तेजस्वी यादव की चुनावी घोषणाएं

Photo : Twitter

चुनाव की वैतरणी पार लगाने में महिलाओं की भूमिका काफी अहम होती है। ऐसा होते हुए हम मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और हाल ही में दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी देख चुके हैं। चुनावों में महिलाओं से किए गए वादे और अगर महिलाएं उन पर भरोसा जता दें तो नेताओं के सत्ता के शिखर तक पहुंचने की सीढ़ियां तैयार हो जाती हैं। बिहार विधानसभा का चुनाव इस साल के अंत में होगा। इससे पहले विपक्षी और RJD के बड़े नेता तेजस्वी यादव ने जनता से कई वादे किए हैं।

पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पहले तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोपों की छड़ी लगाई। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि नीतीश कुमार को अपने मंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रीयों के नाम तक पता नहीं हैं। तेजस्वी ने कहा, नीतीश कुमार सरकार चलाने के लायक नहीं हैं। तेजस्वी ने नीतीश कुमार के विधानसभा सदन में मौजूद नहीं होने पर भी सवाल उखड़े किए।

ओ स्त्री हमें ले आना!

बिहार की सत्ता पर नजर गड़ाए तेजस्वी यादव ने राज्य की महिलाओं के दिलों में उतरने की कोशिशें तेज कर दी हैं। उनका कहा है कि अगर बिहार में उनके गठबंधन की सरकार बनेगी तो वह सिर्फ 500 रुपये में गैस सिलेंडर देंगे। उन्होंने महिलाओं के लिए मानदेय की घोषणा तो नहीं की। लेकिन बिहार में बजट पेश होने से पहले ही उन्होंने कहा था कि बिहार की महिलाओं को भी उसी तरह से 2500 रुपये मिलने चाहिए, जिस तरह का वादा भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं से किया है। इसके अलावा उन्होंने छात्रों के लिए फॉर्म मुफ्त करने का भी वादा किया है।

शराबबंदी पर सख्त, ताड़ी होगी बाहर

तेजस्वी यादव का कहना है कि नशामुक्ति पर किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि राज्य में नशामुक्ति का पुराना कानून लागू किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ताड़ी के शौकीनों को राहत भी दी। उनका कहना है कि ताड़ी को शराबबंदी से अलग करेंगे।

तेजस्वी को पासी समाज की चिंता

तेजस्वी यादव ने पासी समाज की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, कि पासी समाज को आर्थिक और सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा उन्होंने अपने पिता लालू यादव पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की टिप्पणी का जबाव भी दिया। तेजस्वी ने कहा, कि यह जनता तय करेगी कि आगे क्या होगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article