पटना

गर्मी की छुट्टियों में छुट्टियां ही मनाएंगे बच्चे और टीचर; के.के. पाठक का पुराना तरीका अब मान्य नहीं

मौसम विभाग की गर्मी को लेकर इस बार खास चेतावनी है। इन गर्मियों में भयानक लू चलने की आशंका जताई जा रही है, जिसके लक्षण अभी से दिखने शुरू हो गए हैं। ऐसे में स्कूलों में गर्मी की छुट्टी को लेकर शिक्षा मंत्री ने बड़ा बयान दिया है। स्कूलों में अब गर्मियों की छुट्टियां होंगी।

Image

गर्मी की छुट्टियों को लेकर बिहार सरकार का बड़ा फैसला

Photo : Twitter

मार्च बीता नहीं कि पारा 40 का आंकड़ा छूने लगा है। मौसम विभाग ने ऐसी आशंका जताई है कि इस बार लू काफी तेज होने वाली है। ऐसे मौसम को देखते हुए बिहार के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों को लेकर एक राहत भरी खबर आई है। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने एक बयान में पूर्व अपर मुख्य सचिव के.के. पाठक का फरमान बदलने की बात कही है।

बिगड़ेगा मौसम

बिहार में इस बार गर्मी के तेवर जिस तरह सख्त होने वाले हैं, उसे लेकर मौसम विभाग की लगातार चेतावनी आ रही है। मार्च महीने की शुरुआत में ही मौसम विभाग ने राज्य में लू चलने को लेकर आशंका जता दी थी। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के चलते थोड़ी बारिश की वजह से ऐसा कुछ नहीं हुआ। फिलहाल हवा बदली है, जिसके कारण बिहार में गर्मी का असर दिखने लगा है। ऐसी आशंका है कि इस बार भीषण गर्मी पड़ने वाली है। ऐसे में बच्चों को होने वाली दिक्कतों से बचने के लिए सरकार ने गर्मी की छुट्टियों को लेकर नरमी बरती है।

लौटेंगी गर्मी की छुट्टियां

विधान परिषद में बिहार के स्कूल से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर बोलते समय प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने छुट्टियों से जुड़ी बात कही। कहा कि इस बार जब स्कूलों में गर्मी की छुट्टी होगी तो वो पूरी तरह से ही छुट्टी रहेगी। अलग से किसी भी तरह की कक्षाएं नहीं चलेंगी, यानी इस बार स्पेशल क्लासेज नहीं चलेंगी और छात्रों को स्कूल नहीं आना होगा।

बदला गया पुराना फैसला

बिहार में शिक्षा विभाग के पूर्व अपर मुख्य सचिव के. के. पाठक ने गर्मी की छुट्टी के दौरान भी स्कूल में विशेष कक्षाओं को चालू रखवाया था। जिसमें छुट्टियों के दौरान मिशन दक्ष के तहत विशेष कक्षा के लिए स्कूल खुले रहते थे। इसके तहत शिक्षकों को प्रतिदिन स्कूल आना था। राज्य में इसका ठीकठाक विरोध भी देखा गया था। अब इस फैसले को सरकार ने बदल दिया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article