पटना

बिहार के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, अब एक ही जगह मिलेंगे खेल के गुरु और किताबी ज्ञान; आज खुलेगा खेल विवि-अकादमी

बिहार के नालंदा स्थित राजगीर में 90 एकड़ में फैले इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बने राज्य खेल अकादमी और खेल विश्वविद्यालय आज उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों को मिल जाएगा। यहां राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के आवासीय एवं गैर आवासीय वैज्ञानिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Image

राजगीर इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

पटना: बिहार में खेल प्रतिभाओं को नया आयाम मिलने जा रहा है। अब खिलाड़ियों प्रशिक्षण और पढ़ाई के लिए अलग-अलग नहीं भटकना पड़ेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार की शाम नालंदा जिले के राजगीर में 90 एकड़ में फैले इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बने राज्य खेल अकादमी और खेल विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगे। यह समारोह खेल अकादमी के नवनिर्मित ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। यहां राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के आवासीय एवं गैर आवासीय वैज्ञानिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इनडोर-आउटडोर खेलों के लिए तैयार स्टेडियम

इसमें एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल स्टेडियम, हॉकी टर्फ स्टेडियम, स्विमिंग पुल, बास्केट बॉल, वॉलीबॉल, हैण्डबॉल, लॉन टेनिस, कुश्ती, भारोत्तोलन, कबड्डी, बैडमिंटन कोर्ट, तीरंदाजी, शूटिंग, टेबल टेनिस, तलवारबाजी, बिलियर्ड्स, साइकिलिंग आदि खेलों के लिए इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया गया है।

750 करोड़ रुपये की लागत से बनी है अकादमी

750 करोड़ रुपये की लागत से बने राज्य खेल अकादमी एवं अंतर्राष्ट्रीय मानक के क्रिकेट स्टेडियम राजगीर के संचालन के लिए विभिन्न कोटि के स्थाई 81 पदों एवं संविदा पर 33 पदों की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गई है। उद्घाटन के मौके पर राज्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के अनुसार नकद पुरस्कार एवं सम्मान दिया जाएगा। नवनिर्मित हॉकी टर्फ पर भारतीय महिला हॉकी टीम जो एशियन गेम्स विजेता है, उनका प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया गया है।

बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम

यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भी निर्माण किया जा रहा है। इस स्टेडियम का निर्माण कार्य 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शेष कार्य अगले साल मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। यहां 300 लड़के, 150 लड़की और 45 प्रशिक्षकों के लिए छात्रावास भी होगा। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की अभ्यास सुविधा के साथ विभिन्न पाठ्यक्रमों में स्नातक और पारास्नातक डिग्री भी दी जाएगी। इस उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, जयंत राज, सुरेंद्र मेहता भी उपस्थित रहेंगे।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article