Bihar Chunav 2025: एक और क़ांग्रेस नेता ने बिहार में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर ये बोल दिया कि CM कैंडिडेट चुनाव के बाद तय होगा। कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा का आज पटना में समापन हो रहा है। इस मौके पर सचिन पायलट भी पटना पहुंचे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर सचिन पायलट ने फिर एक बार बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। पहले तेजस्वी यादव ने पहले खुद को CM उम्मीदवार बताया था और कहा कि वह राजद की सरकार बनने पर रोजगार देने का काम करेंगे।
चुनाव के बाद गठबंधन तय करेगा मुख्यमंत्री का चेहरा
तेजस्वी को झटका
27 दिनों के सफर के बाद कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा पटना में समाप्त हो रही है। इसके समापन कार्यक्रम में पटना पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने भी एक बार साफ कर दिया कि राजद और कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। जब पायलट से सवाल पूछा गया कि क्या तेजस्वी CM चेहरा होंगे, तो इसपर उन्होंने कहा कि बहुमत मिलने के बाद मुख्यमंत्री का फैसला होगा। तेजस्वी ने पहले खुद को सीएम उम्मीदवार बताया था। हालांकि, पायलट ने यह साफ किया कि आने वाले चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस का गठबंधन जारी रहेगा।
पहले भी आ चुके हैं ऐसे बयान
इससे पहले बिहार के कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने भी ये बात साफ की थी कि चुनाव के बाद ही मुख्यमंत्री तय किया जाएगा। बीते महीने दिल्ली में बिहार चुनाव को लेकर हुई कांग्रेस की बैठक में भी इस बात पर सहमति बनी थी। मीटिंग से बाहर आकर अल्लावरू ने ये कहा था कि बिहार में गठबंधन जारी रहेगा लेकिन CM कैंडिडेट पर फैसला बाद में आएगा।
तहव्वुर राणा मामले में सरकार के साथ कांग्रेस
इसके अलावा वार्ता में सचिन पायलट ने तहव्वुर राणा के भारत आने पर बोला कि इस आतंकी को सजा देने का काम यूपीए सरकार ने शुरू किया था। सरकार का यह काम सराहनीय है, हम इसके साथ हैं। आतंकी को हर हाल में सख्त से सख्त सजा होनी चाहिए।
कन्हैया कुमार ने बताया कि इस पदयात्रा के दौरान राज्यभर के युवाओं और आम लोगों से जो समस्याएं सामने आईं, उन्हें एक मांग पत्र के रूप में तैयार कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपा जाएगा।
