पटना

Special Train: छठ पर बिहार जाने वालों के लिए खुशखबरी, रेलवे चलाएगा 75 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें; बुक कर लें टिकट

Chhath Special Train: छठ महापर्व पर बिहार जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। छठ पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे मंडल ने बड़ी तैयारी की है। इसके लिए करीब 75 जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलेंगी, जिससे सभी को घर जाने के लिए टिकट मिल सके और भीड़ भी कम हो सके।

Image

फाइल फोटो।

Photo : iStock

Chhath Special Train: उत्तर भारत के बड़े त्योहारों में शामिल दीपावली और छठ की तैयारी जोरों-शोरों से चल रही है। इस दौरान लोगों के अपने घर जाने के दौरान रेल मार्ग का प्रयोग बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। इसलिए दीपावली और छठ पर भीड़ नियंत्रण करने के लिए रेलवे मंडल भी विशेष तैयारी कर रहा है।

भीड़ नियंत्रित करने की तैयारी

बिहार में दीपावली और छठ पर होने वाली संभावित भीड़ के नियंत्रण के लिए रेलवे मंडल प्रशासन ने तैयारी कर ली है। रेलवे मंडल में रेलवे लाइन के किनारे 100 से अधिक स्थानों पर छठ घाट रहने के कारण अर्घ्य वाले दिन रेलवे मंडल के सभी रेलवे खंड पर 30 किलोमीटर की स्पीड में कॉशन पर ट्रेन चलाई जाएगी। इसके लिए सभी स्टेशन मास्टर, ट्रेन के गार्ड व चालक को निर्देश जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही जिस खंड पर रेलवे लाइन के किनारे छठ घाट होगा उस क्षेत्र में ट्रेन के चालकों को लगातार सीटी बजाते हुए ट्रेन चलाने को कहा गया है।

करीब 75 जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलेंगी

डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 75 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को चलाया जाएगा। समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा जहां पर आरक्षण के लिए यात्रियों की ज्यादा भीड़ होने की संभावना है, वहां पर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पीआरएस टिकट काउंटर खोले जाएंगे। अभी तीन-तीन अतिरिक्त काउंटर खोलने का प्रस्ताव है, जिसको आगे जरूरत के हिसाब से बढ़ाया जा सकता है।

इन स्टेशनों पर अतिरिक्त बुकिंग काउंटर

डीआरएम ने बताया कि इसके अलावा रेलवे मंडल के रक्सौल, बापूधाम मोतिहारी, बेतिया, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, जयनगर, सहरसा, बनमनखी तथा पूर्णिया कोर्ट, स्टेशनों पर अतिरिक्त बुकिंग काउंटर खोला जा रहा है। समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, जयनगर सीतामढ़ी, बापूधाम मोतिहारी बेतिया, रक्सौल तथा नरकटियागंज में अतिरिक्त यूटीएस काउंटर खोले जाएंगे।

अधिकारियों की नियुक्ति

रेलवे मंडल के 11 स्टेशनों पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो 24 घंटे वहां पर भीड़ नियंत्रण के लिए नजर रखेंगे एवं इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। बुकिंग एवं पूछताछ तथा पीआरएस काउंटर के आसपास स्पेशल ट्रेनों के बारे में बैनर लगाकर प्रदर्शित किया गया है, जहां से यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध हो सके। मंडल के कंट्रोल रूम में वार रूम खोला जाएगा। जहां पर सभी विभागों के अधिकारी व सुपरवाइजर रहेंगे जो हर स्टेशन पर की जा रही व्यवस्था पर नजर रखेंगे एवं आवश्यकता अनुसार निर्देश देंगे।

यात्रियों को नहीं होगी परेशानी

डीआरएम ने बताया कि किसी भी अवस्था में अंतिम समय में गाड़ियों के निर्धारित प्लेटफार्म बदले नहीं जाएंगे। अगर किसी इमरजेंसी में प्लेटफार्म बदलने की जरूरत पड़ी तो एक घंटा पहले ही अथवा पर्याप्त समय रहते इसे बदला जाएगा। यात्रियों को लगातार उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से सूचित किया जाएगा। एडीआरएम के बिना अनुमोदन के प्लेटफार्म का परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

इनपुटः आईएएनएस

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article