Prashant Kishor : चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री बनने की महात्वाकांक्षा पर करारा तंज कसा है। पीके के नाम से मशहूर प्रशांत ने डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। बिहार में 'जन सुराज यात्रा' पर निकले प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकसभा में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक भी सांसद नहीं है। वह 'जीरो' है। कुछ ऐसा ही हाल नीतीश कुमार का है। दोनों मिलकर प्रधानमंत्री के नीचे बात ही नहीं करते। देश का पीएम कौन होगा, ये लोग तय करेंगे। बिहार देश में सबसे फिसड्डी राज्य है लेकिन नीतीश कुमार को लगता है कि उन्होंने इस राज्य को अमेरिका बना दिया है।
नीतीश कुमार सभी चीजों के एक्सपर्ट बन गए हैं-PK
पीके ने कहा, 'नीतीश कुमार में इतनी समझ तो होनी चाहिए कि वह इस बारे में लोगों से पूछें। शिक्षा, स्वास्थ्य, जल प्रबंधन, कानून व्यवस्था सभी के विशेषज्ञ नीतीश बन गए हैं। कर्सी पर चिपकने की महारत तो देश देख ही रहा है।' प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार अब 2014 वाले नेता नहीं रह गए हैं। वह बदल गए हैं।
चंद्रबाबू नायडू का हवाला दिया
तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के नेता एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का हवाला देकर पीके ने कहा कि वह भी प्रधानमंत्री बनना चाहते थे। उन्होंने विपक्ष को एकजुट करने के लिए कई राज्यों का दौरा किया लेकिन वह खुद ही अपने राज्य में चुनाव हार गए। यही हाल नीतीश कुमार का भी होगा। ममता बनर्जी एवं अखिलेश यादव से नीतीश की मुलाकात पर प्रशांत ने कहा कि बंगाल में उन्हें कोई नहीं पूछता।
