पटना

बिहार को 180 योजनाओं की सौगात, हाईवे-बस अड्डा मेडिकल कॉलेज के लिए बड़ा प्लान; आरओबी करेंगी काम आसान

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा में राज्य को 180 योजनाओं का तोहफा दिया है। इन योजनाओं में दरभंगा शहर के दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तक दरभंगा-आमस हाईवे से एलिवेटेड रोड की संपर्कता प्रदान की जाएगी, जिससे डीएमसीएच जाने वाले लोग शहर में प्रवेश किए बिना ही सीधे वहां पहुंच जाएंगे।

Image

प्रगति यात्रा (फाइल फोटो)

दरभंगा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को अपनी प्रगति यात्रा के क्रम में दरभंगा पहुंचे। यहां उन्होंने सिंहवाड़ा प्रखंड के भराठी गांव में विभिन्न विकास योजनाओं का मुआयना किया और 180 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। सीएम शनिवार को बृहद आश्रय स्थल परिसर में पहुंचे और वहां वृहद आश्रय गृह एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का लोकार्पण कर जीविका दीदियों एवं टोला सेवकों से मुलाकात की। यहां मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी की।

पिछड़े कामों में तेजी लाने का प्रयास

सीएम ने कहा कि दरभंगा जिले में विकास का काफी काम कराया है फिर भी जो कुछ छूट गया है या कमी रह गई है उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोभन बाईपास जिस पर प्रस्तावित एम्स का निर्माण हो रहा है, और यहां चार लेन पथ के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे एम्स आने-जाने वाले पथ में जाम की समस्या नहीं रहेगी। इसके अलावा बाबा कुशेश्वरस्थान का सौंदर्यीकरण एवं विकास किया जाएगा, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना, स्नान, ठहराव आदि में सहूलियत होगी जिससे पर्यटक स्थल के रूप में इस स्थान को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि दरभंगा शहर के दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तक दरभंगा-आमस हाईवे से एलिवेटेड रोड की संपर्कता प्रदान की जाएगी, जिससे डीएमसीएच जाने वाले लोग शहर में प्रवेश किए बिना ही सीधे वहां पहुंच जाएंगे। दिल्ली मोड़ स्थित बस अड्डे को अंतर्राज्यीय बस पड़ाव के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे दरभंगा हवाई अड्डा आस-पास के जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों के अलावा शोभन में प्रस्तावित एम्स के निर्माण के उपरांत इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भी काफी सुविधा होगी।

इसके अलावा दरभंगा स्थित गंगासागर, हड़ाही एवं दिग्धी तालाब को और सुंदर बनाया जाएगा। दरभंगा में मुख्यमंत्री ने दरभंगा शहर के दोनार चौक के पास आरओबी निर्माण के स्थल का निरीक्षण किया और इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने मिथिला शोध संस्थान का आधुनिकीकरण एवं संरक्षण का कार्य कराने का भरोसा दिया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article