पटना

Bhojpur News: घर में चल रही अवैध बंदूक फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियारों का जखीरा बरामद, 7 गिरफ्तार

भोजपुर जिले के चंदा गांव में एक घर में बंदूक फैक्ट्री का संचालन चल रहा था। पुलिस को छापेमारी के दौरान पुलिस को 35 टाइगर प्लेट, 36 कॉर्क रॉड और 33 बैरल समेत कई हथियार मिले। पुलिस ने फैक्ट्री के संचालन में शामिल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

भोजपुर में घर में चल रही अवैध बंदूक फैक्ट्री का भंडाफोड़

Photo : iStock

बिहार पुलिस ने भोजपुर जिले के एक गांव में घर में अवैध रूप से चल रही बंदूक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी में फैक्ट्री के संचालन में शामिल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं कई लोग अंधेरा का फायदा उठाकर यहां से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि गांव में बंदूक फैक्ट्री लंबे समय से चल रही थी। फैक्ट्री के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम ने यहां छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने फैक्ट्री से हथियारों का जखीरा बरामद किया।

हथियारों का जखीरा बरामद

बिहार के भोजपुर के एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि गांव के एक घर में लंबे समय से अवैध गन फैक्ट्री का संचालन चल रहा था। पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि नया भोजपुर थाना के अंतर्गत चंदा गांव के एक घर में अवैध रूप से बंदूक की फैक्ट्री चल रही है। ये फैक्ट्री वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति के घर में चल रही थी। इसके बाद मामले की जांच के लिए डुमरांव के एसडीपीओ आफाक अख्तर अंसारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने परिसर पर छापेमारी की। इस दौरान, सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। छापेमारी के दौरान भोजपुर पुलिस ने एक पिस्टल, 35 टाइगर प्लेट, 36 कॉर्क रॉड, 33 बैरल, 20 बट, तीन ड्रिल मशीन, एक लेथ मशीन, एक ग्राइंडर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस ने गिरफ्तार किए व्यक्तियों की पहचान वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पिंटू शाह, मोहम्मद आजाद, मोहम्मद मोनू, मोहम्मद अब्दुल, मोहम्मद राजू और मोहम्मद इकबाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मिनी गन फैक्ट्री के संचालन का सरगना वीरेंद्र श्रीवास्तव है। एसपी ने बताया कि वीरेंद्र और पिंटू दोनों भोजपुर और सीतामढ़ी जिलों के मूल निवासी हैं, जबकि अन्य आरोपी मुंगेर जिले के रहने वाले थे और कारखाने में श्रमिक थे। वे देसी पिस्तौल और "कट्टा" बनाने में कुशल थे। एसपी यादव ने आगे बताया कि नया भोजपुर थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे मामले की जांच जारी है। साथ ही पुलिस उन आरोपियों के लिंक की जांच कर रही है जिन्हें बंदूकें सप्लाई की जा रही थीं।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें