Patna: पटना में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। आम जनता तो आम जनता अब पुलिस वालों पर भी हमले होने लगे हैं। पुलिस पर हमले का ऐसा ही एक मामला पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां वारंटी को पकड़ने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया और पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी को लोगों ने छुड़ा लिया। पुलिस पर हमले और लोगों द्वारा किए गए हंगामे के बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स को इलाके में भेजा गया। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने हालात पर काबू पाया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पटना में पुलिस पर हमला
मिली जानकारी के अनुसार, पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के मैनपुरा इलाके में बिजली चोरी के मामले पर पुलिस आरोपी राकेश यादव को पकड़ने के लिए गई थी। पकड़े गए आरोपी को छुड़वाने के लिए लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा करते हुए पुलिस पर हमला कर दिया। हालात को काबू करने के लिए और अधिक पुलिस फोर्स को मैनपुरा इलाके में भेजा गया। पुलिस ने इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज किया और राकेश यादव के पड़ोसी सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि सूरज के परिजन उसे निर्दोष बता रहे हैं। इस मामले को लेकर काफी देर तक मैनपुरा इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
मैनपुरी में बिजली चोरी की मिली गुप्त सूचना
पाटलिपुत्र की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बिजली चोरी का आरोपी व वारंटी राकेश यादव अपने मैनपुरा स्थित घर पर है। इसलिए पुलिस ने सिविल ड्रेस में रविवार की रात करीब 10 बजे छापेमारी की और राकेश यादव को पकड़ लिया। इसके बाद उसे अपने साथ पुलिस ले जाने लगी। लेकिन लोगों ने रोक लिया। पुलिस ने अपना आई कार्ड दिखाया और लोगों को यह बताया कि बिजली चोरी के मामले में राकेश के खिलाफ वारंट भी जारी है। उसकी कॉपी भी लोगों को दिखायी। लेकिन लोग नहीं माने और पुलिस पर हमला कर दिया और धक्का-मुक्की कर राकेश यादव को भगा दिया।
