PM Modi Madhubani Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली 24 अप्रैल को मधुबनी में होगी। इस रैली में पान, माछ और मखाना की झलक देखने को मिलेगी। एनडीए ने रैली के लिए एक ऐसा मेगा प्लान बनाया है, जो पूरे बिहार को बड़ा संदेश देगा। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रैली की तैयारी का मोर्चा संभाला हुआ है। रैली की सफलता के लिए नेताओं और मंत्रियों को कई जिम्मेदारियां दी गई हैं। एनडीए ने पटना में समन्वय बैठक आयोजित की, जिसमें बीजेपी, जेडीयू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर), और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं ने हिस्सा लिया। इस बैठक में उत्तर बिहार के 10 लोकसभा और 100 विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं को रैली की सफलता के लिए जिम्मेदारियां दी गईं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले इस रैली का होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये मिथिलांचल में पीएम मोदी की आखिरी रैली होगी।
एनडीए नेताओं को मिले ये काम
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल रैली की निगरानी कर रहे हैं। इस रैली में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान उद्घाटन और नई योजनाओं की घोषणाओं का समन्वय कर रहे हैं, वहीं ललन सिंह पंचायती राज दिवस के आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। संजय झा को जेडीयू कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की जिम्मेदारी मिली है। विजय सिन्हा सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स की निगरानी कर रहे हैं। रज्जू कुमार को दलित समुदाय को रैली में लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस रैली में मिथिलांचल 10 जिलों, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, अररिया, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और मधेपुरा से नेताओं और कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य है। ये क्षेत्र 100 से अधिक विधानसभा सीटों का प्रतिनिधित्व करता है, जो एनडीए का गढ़ माना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे और ग्रामीण विकास योजनाओं की उपलब्धियों को उजागर भी करेंगे। रैली के दौरान कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी होगा।
