Patna News: मुख्य शहर के साथ अब गंगा घाट भी स्वच्छ और सुंदर बनेंगे। सभी 33 गंगा घाटों को साफ-सुथरा रखने की योजना बनाई गई है। नगर निगम ने दीघा के पाटी पुल घाट पर स्वच्छता कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान शहर एवं गंगा घाटों, नदी को स्वच्छ रखने के लिए आम लोगों, वार्ड पार्षदों एवं निगम के अधिकारियों को शपथ दिलाई गई। बता दें शहर को साफ-स्वच्छ रखने के लिए 600 कूड़ा प्वाइंट समाप्त कर दिए गए हैं। शेष कूड़ा प्वाइंट भी बहुत जल्द साफ-सुथरा हो जाएंगे।
नगर निगम का लक्ष्य है कि 26 जनवरी तक शहर के सभी कूड़ा प्वाइंट साफ हो जाए। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कूड़ाा प्वाइंट पर सफाई कर वहां स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। वहीं, गंगा घाटों की हर दिन पूरी तरह साफ-सफाई के लिए कवायद तेज कर दी गई है। अब गंगा घाटों पर भी स्वास्थ्य शिविर लगाया जा रहा है। बुधवार को कलेक्ट्रेट घाट, बुद्ध घाट, रानी घाट, महेंद्रू घाट, मिरचाई गली घाट, भद्र घाट पर स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। एक फरवरी को महावीर घाट पर अंतिम स्वास्थ्य शिविर लगाया जाना है।
