Pink Bus in Bihar: महिला सुरक्षा देश की सबसे बड़ी मुद्दों में से एक है। ऐसे में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने एक खास पहल की है। राज्य की राजधानी पटना में जल्द ही पिंक बस सेवा शुरू होने वाली है। BSRTC पहली बार ऐसी सेवा लाया है। पिंक बस सेवा के तहत चलने वाली सारी बसें CNG से चलेंगी। शुरूआत में सारी बसों को गांधी मैदान से चलाया जाएगा। इन बसों के संचालन की जिम्मेदारी भी महिलाओं पर रहेगी। पिंक बसों के संचालन के लिए महिला ड्राइवर और कंडक्टर की आवेदन प्रक्रिया BSRTC ने शुरू कर दी है। 25 महिला ड्राइवर और 250 कंडक्टर के लिए भर्ती की जाएगी।
पटना में शुरू होगी पिंक बस सेवा (AI Creation)
क्या होगा रूट और टाइमिंग
पहले चरण में पिंक बसें पटना के पांच प्रमुख रूटों पर चलाई जाएंगी। इस रूट में गांधी मैदान से दानापुर स्टेशन, पटना एम्स, पटना साहिब स्टेशन और दानापुर बस स्टैंड जैसे प्रमुख जगहें शामिल हैं। इन बसों का स्टॉपेज स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और प्रमुख बाजारों पर होगा। पिंक बसें हर दिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक सेवा में उपलब्ध रहेंगी।
20 बसों को लाने की तैयारी
BSRTC ने पंजाब के रोपड़ में जाकर इन बसों का निरीक्षण कर लिया है। मई के महीने में इन्हें बिहार लाया जाएगा। परमिट प्रक्रिया पूरी करने और गर्मी की छुट्टियां बीतने के बाद इनको चलाया जाएगा। एक बस पर लगभग 23 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। फिलहाल सरकार 20 बसें लाने की तैयारी में है। जिनमें से 10 पटना में चलेंगी और शेष 10 को भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में चलाए जाने की योजना है।
कितना होगा किराया
किराए की बात करें तो पिंक बस सेवा काफी किफायती रखी है। पिंक बस का किराया 6 रुपये से लेकर 50 रुपये तक होगा, साथ ही रोजाना सफर करने वाली महिलाओं के लिए मासिक पास की सुविधा भी दी जाएगी। इससे उन्हें रोजाना टिकट खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
CNG से चलने वाली इन बसों के लिए अलग से कुछ CNG स्टेशन बनाने की भी योजना है। इसके लिए जगहों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
