Patna Road Accident: बिहार की राजधानी पटना में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। शहर के मसौढ़ी इलाके में एक ट्रक और टेंपो की सीधी टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रक और टेंपो के बीच हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पुल से नीचे गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कड़ी मशक्कत और स्थानीय लोगों की सहायता से बाहर निकाला गया।
टेंपो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर
बालू लदे ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक टेंपो के पूरी तरह ऊपर आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में सभी मजदूर थे। बताया जा रहा है कि पटना से मजदूरी करके ये सभी तारेगना स्टेशन पर उतरे थे और फिर वहां से टेंपो से अपने घर लौट रहे थे। इस बीच पितवांस की ओर से जा रहे एक बालू लदे ट्रक से टेंपो की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन पुल से नीचे गिर गए।
पोस्टमार्टम के लिए शवों को भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। सभी शवों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नजदीक के गांव से प्रत्येक दिन लोग मजदूरी करने के लिए पटना जाते थे और काम करके देर रात अपने घर लौट आते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
